चंडीगढ़ रोड स्थित गांव रामपुरा के पास दो कारों की जबरदस्त भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि तीन महिलाओं सहित पांच लोग घायल हो गए। इन्हें इलाज के लिए नागरिक अस्पताल और निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसमें चार की गंभीर हालत को देखते उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। मामले की सूचना पुलिस को दे दी है।
हिसार निवासी लक्ष्य पिता प्रवीण के साथ किसी काम के सिलसिले में अपनी कार से चंडीगढ़ जा रहा था। वहीं चंडीगढ़ निवासी मनोज भाटिया पत्नी मधु भाटिया, बेटी उमंग और सास फूलवंती के साथ कार से भाटिया नगर में अपने भतीजे की पुत्रवधू की डेंगू से मौत होने पर शोक जताने आ रहे थे कि गांव के पास दोनों कारों की साइड से भिड़ंत हो गई।
इससे लक्ष्य की कार अनियंत्रित होकर सड़क पर दो-तीन बार पलट गई। हादसे में लक्ष्य और उसके पिता के सिर में गंभीर चोटें आ गईं, जिससे दोनों बेहोश हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें टोहाना के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने हिसार निवासी प्रवीण (50) को मृत घोषित कर दिया। प्रवीण समाजसेवी गुड्डू मडिया का दामाद बताया जाता है। वहीं दूसरी कार में घायल चंडीगढ़ निवासी महिला मधु भाटिया ने बताया कि वे भाटिया नगर में शोक व्यक्त करने के लिए आ रहे थे कि उसी समय अचानक सामने से आ रही एक गाड़ी ने उनकी कार को टक्कर मार दी। जिससे उनके परिवार के चार सदस्य घायल हो गए।