हरियाणा के फतेहाबाद शहर की मातूराम काॅलोनी में शनिवार दोपहर बाद दिनदहाड़े क्रेटा गाड़ी को रूकवा कर बाइक सवार तीन युवकों ने फायरिंग कर दी। एक साथ पांच से छह फायर किए गए। इस दौरान क्रेटा गाड़ी में सवार युवक को छाती में गोली लग गई। गाड़ी में एक युवती भी सवार थी, जिसका अभी कुछ पता नहीं चल पाया है। युवक ने पास की ही दुकान में घुसकर अपनी जान बचाई। बाद में मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसे शहर के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां से उसे हिसार रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार शिवपुरी के पीछे बलराज उर्फ गोली अपने परिवार के साथ रहता है। बताया जा रहा है कि शनिवार शाम को अपनी क्रेटा गाड़ी में सवार होकर बीघड़ रोड की तरफ आ रहा था। जैसे ही मातूराम काॅलोनी के पास पहुंचा तो एक बाइक पर तीन युवक आए।
उन्होंने गाड़ी को रुकवाया और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी, एक साथ चार से पांच फायर किए गए। इस वारदात में बलराज को गोली लग गई। बलराज ने दौड़कर पास में बनी दुकान में छिपकर अपनी जान बचाई। आसपास के लोगों ने बताया कि गाड़ी में एक युवती भी सवार थी। मगर इस घटना के बाद वह कहां चली गई, किसी को पता नहीं लगा।
सूचना मिलते ही शहर थाना प्रभारी रणजीत सिंह, सीन ऑफ क्राइम की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से जानकारी प्राप्त की। घायल बलराज के परिजनों के अनुसार गोली चलाने वाले कौन थे, किसी को कुछ पता नहीं है। थाना प्रभारी रणजीत सिंह ने बताया कि घायल बलराज के बयान लेने के बाद ही आरोपियों के बारे में पता चलेगा।
सिटी एसएचओ के अनुसार क्रेटा गाड़ी में बलराज के साथ उसकी पत्नी बताई गई है। मौके पर फायरिंग के बाद छह खाली खोल मिले हैं। गाड़ी की पिछली सीट पर लोहे की रॉड भी मिली है। पहले गाड़ी के शीशे तोड़े गए, उसके बाद फायरिंग की गई। घायल बलराज हिसार के निजी अस्पताल में उपचाराधीन है।