गांव सनियाना के पास से लापता हुए भूना के युवक विनय नागपाल का शव राजस्थान के गोगामेड़ी के गांव नेठाणा माइनर से मिलने की सूचना मिली है। भूना पुलिस के अलर्ट पर राजस्थान पुलिस ने इस बारे में सूचित किया है। शव की पहचान करने के लिए भूना पुलिस और युवक के परिजन गोगामेड़ी रवाना हो गए हैं। गोगामेड़ी के एसएचओ नरेश गेरा ने बताया है कि नहर में मिले युवक के शव के सिर पर चोट के निशान हैं। पोस्टमार्टम के बाद ही पता चल सकेगा कि चोट नहर में गिरने से लगी है या पहले से लगी थी।
इससे पहले, शुक्रवार को गोरखपुर व कॉजल हेड पर जाल लगाकर विनय नागपाल को ढुंढने की कोशिश की गई। पुलिस ने कार में मिले मोबाइल फोन की लोकेशन व अन्य डिटेल साइबर क्राइम से खंगालने में जुटी रही। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि घटना के समय विनय अकेला हांसी से भूना आ रहा था या उसके साथ और भी युवक थे। एसएचओ बिमला देवी स्वयं इस केस की तफ्तीश कर रही हैं।
क्या है मामला
भूना के रामलीला ग्राउंड निवासी 22 वर्षीय विनय नागपाल उर्फ मीतू बुधवार की सांय को करीब 5 बजे अपने चाचा एवं पत्रकार पंकज नागपाल के घर से भूना जाने का हवाला देकर आया था। लेकिन गांव सनियाना के पास भाखड़ा नहर की पटरी पर उसकी लावारिस हालत में शिफ्ट कार खड़ी हुई मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो कार की चाबी अंदर थी व मोबाइल सीट पर पड़े हुए थे। पुलिस ने गाड़ी के दस्तावेज की जांच के बाद विनय नागपाल के परिजनों से संपर्क किया। लेकिन युवक की चप्पल एक नहर के पास पाए जाने से परिजनों व पुलिस ने गोरखपुर पुल व काजल हैड पर जाल लगाकर उसकी तलाश शुरू कर थी।
थाना प्रभारी बिमला देवी ने बताया कि संदिग्ध परिस्थितियों में विनय की गाड़ी सनियाना के पास नहर पर खड़ी मिली थी। अब राजस्थान के गोगामेड़ी थाने से सूचना आई है कि एक युवक का शव मिला है। हुलिए से लापता विनय नागपाल का शव मालूम होता है, हालांकि पहचान के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।
राजस्थान के गोगामेड़ी के नैठाणा माइनर में मिले विनय नागपाल के शव मामले में एक और बात निकल कर आ रही है। शव पर जो कपड़े हैं, वही कपड़े विनय की फेसबुक पर पोस्ट की गई फोटो में भी हैं। इस फोटो में विनय एक गाड़ी के अंदर बैठकर सैल्फी ले रहा है। इस तस्वीर में विनय के साथ गाड़ी के अंदर एक और शख्स भी दिख रहा है, हालांकि उसका चेहरा नहीं दिख रहा है। हालांकि इस बात की अभी तक पुष्टि नहीं हो सकी है कि फेसबुक की यह तस्वीर घटना वाले दिन की है या उससे पहले की है।