समीपवर्ती गांव चंदड़ में वीरवार सुबह एक किसान ने अपने बेटी के ससुरालवालों की दहेज प्रताड़ना से तंग आकर खुद की कनपटी पर गोली मारकर खुदकुशी कर ली। मृतक एक सुसाइड नोट भी छोड़ गया है। पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर मृतक के दामाद सिमरजीत उर्फ रिंकू व अन्य के विरुद्ध आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है।
परिजनों ने जांच के लिए पहुंचे पुलिस अधिकारियों को भी खूब खरी-खोटी सुनाई। परिजनों का आरोप था कि मृतक की बेटी के ससुरालजनों के साथ विवाद में जब भी पंचायत होती तो पुलिस अधिकारी अवतार के साथ भेदभाव करते थे जिसके चलते वो परेशान था।
चंदड़ निवासी 55 वर्षीय अवतार सिंह की छोटी बेटी अमरजोत कौर की शादी नवंबर 2013 में सिमरजीत सिंह उर्फ रिंकू से हुई थी। आरोप है कि शादी के लगभग एक-डेढ़ साल बाद ही दहेज को लेकर विवाद शुरू हो गया और अमरजोत वापस मायके आ गई। इस मामले को लेकर पुलिस की मौजूदगी में कई बार पंचायतें हुईं, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। मृतक के परिजनों का आरोप है कि पंचायत के दौरान पुलिस के आला अधिकारी भी अमरजोत के ससुरालजनों का पक्ष लेते थे।
अमरजोत ने बताया कि वीरवार को दोनों पक्षों के विवाद का राजीनामा करवाने वाले व्यक्ति ने उनके पिता अवतार सिंह से पुलिस के पास चलने की बात कही। पहले तो अवतार सिंह ना-नुकुर करता रहा, लेकिन बाद में भाइयों के जोर देने पर वह तैयार होने की बात कहकर अंदर चला गया। थोड़ी देर बाद ही अवतार सिंह के कमरे से गोली चलने की आवाज आई। परिजन आनन-फानन में अंदर भागे। वहां अवतार सिंह मृत अवस्था में जमीन पर पड़ा था। परिजन उसे लेकर अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने भी उसे मृत घोषित कर दिया।
अवतार की मौत से गुस्साए परिजनों ने पुलिस को साफ तौर पर कह दिया है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, वो अवतार के शव को लेकर नहीं जाएंगे। समाचार लिखे जाने तक पोस्टमार्टम हो चुका था लेकिन परिजन शव ना लेने की बात पर अड़े रहे।
टोहाना सदर एसएचओ प्रदीप कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। परिजनों द्वारा पुलिस पर भेदभाव के आरोपों को उन्होंने निराधार बताया।