बाइक सवार युवक और महिला को नशीली गोलियों के साथ पकड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
रतिया। स्पेशल स्टाफ पुलिस ने शुक्रवार देर रात्रि फतेहाबाद रोड पर रिलायंस पंप के सामने एक बाइक सवार युवक से नशीली गोलियां बरामद की। पुलिस ने चला रहे युवक और बाइक के पीछे बैठी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला तो दर्ज कर लिया, लेकिन जब बाइक चालक और महिला ने आशंका जताई कि उनका किसी के साथ झगड़ा चल रहा है और उक्त व्यक्ति ने ही उनको फंसानेे के लिए उनकी बाइक में नशीली गोलियां रखी हैं तो इस पर पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए बाइक चालक और महिला को फिलहाल गिरफ्तार नहीं किया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्पेशल स्टाफ के एएएसआई देवीलाल को गुप्त सूचना मिली थी कि फतेहाबाद रोड पर बाइक पर सवार एक युवक और महिला नशीली दवाइयां लेकर आ रहे हैं। जिस पर उन्होंने टीम का गठन किया। इस दौरान बाइक पर सवार बधावड़ जिला हिसार निवासी संदीप कुमार व डिग्गी ढाणी निवासी सुरेश कुमारी फतेहाबाद रोड पर रिलायंस पंप के पास पहुंचे तो पुलिस ने शक के आधार पर बाइक को रुकवा लिया और इसकी सूचना पुलिस के उच्चाधिकारियों से की। सूचना मिलने पर जब पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे तो पुलिस ने बाइक की जंाच की तो हैड लाइट के ऊपर एक लिफाफे में 10 पत्ते गोलियों के बरामद हुए। पुलिस ने इसकी सूचना ड्रग विभाग के अधिकारियों को दी, जब ड्रग विभाग ने जांच की तो उसमें 2 पत्तों में 19 गोलियां नशीली पाई गई। इस पर बाइक चला रहे युवक और महिला ने पुलिस को बताया कि वह कोर्ट में किसी तारीख पर आए थे। उनकी किसी व्यक्ति के साथ रंजिश चल रही है और उन दोनों को शक है की उक्त व्यक्ति ने ही उन्हें फंसाने के लिए बाइक में नशीली गोलियां रखी हैं। इसके बाद पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए बाइक सवार व्यक्ति व महिला के खिलाफ मामला तो दर्ज कर लिया लेकिन फिलहाल उनकी गिरफ्तारी नहीं की है।
बाइक से कुछ नशीली गोलियां बरामद हुई थी। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, लेकिन मामला संदिग्ध होने के कारण फिलहाल दोनों को गिरफ्तार नहीं किया गया है। कोर्ट की पार्किंग में काम करने वाले कारिंदे ने भी इस मामले को संदिग्ध बताया है। पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
धर्मबीर सिंह, डीएसपी