दुबई में काम दिलाने के बहाने भेजने के नाम पर युवक से ठगे सवा एक लाख रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
रतिया। रतिया के एक युवक को दुबई में काम दिलवाने के बहाने उससे 1 लाख 30 हजार रुपये ठग लिए गए। उसे काम के लिए टूरिस्ट वीजा बनाकर तो भेज दिया गया, लेकिन काम नहीं दिलवाया। पुलिस ने इस मामले में पीड़ित की शिकायत पर दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज करके जांच आरंभ कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में भजन सिंह पुत्र महेन्द्र सिंह निवासी गांव खुनन ने बताया कि वह विदेश जाकर काम करना चाहता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात ज्ञान सिंह निवासी गांव बबैन जिला कुरुक्षेत्र ने अपने गांव के एजेंट रमेश कुमार से करवाई। इस लोगों ने उसे दुबई में काम करने के लिए वीजा दिलवाने का आश्वासन दिया और इसकी एवज में 1 लाख 30 हजार रुपये की मांग की। उसने दोनों लोगों पर विश्वास करके 50 हजार नकद व 30 हजार रुपये बैंक खाते में डलवाए। इस तरह उसने दोनों लोगों को 1 लाख 30 हजार रुपये दे दिए। इसके बाद उन्होंने उसे उसे टूरिस्ट वीजा पर दुबई भेज दिया। दोनों ने उससे कहा था कि वहां पर एक कंपनी का प्रतिनिधि उसे मिलेगा और वर्क परमिट के लिए एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर करवाएगा। उसने बताया कि जब वह दुबई गया तो उसे कोई वर्क परमिट नहीं मिला, बल्कि एक आपराधिक किस्म के व्यक्ति ने उसे एक कमरे में बंद रखा। यहां पर पहले से पंजाब के 10-15 युवक बंद थे और उनके पासपोर्ट छीन लिए गए थे। 6 दिन वहां पर रहने के बाद वह वापिस इंडिया आ गया। इसके बाद उसने जब अपने रुपये वापिस मांगे तो उन्होंने उसे जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों पर केस दर्ज करके जांच आरंभ कर दी है।