हुडा चौकी में घुसकर पुलिस कस्टडी से आरोपी को भगा ले जाने का प्रयास, दो सगे भाइयों पर मामला दर्ज
-पुलिस कर्मी से मारपीट व वर्दी फाड़ने का भी आरोप, आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने शुरू की जांच
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। फतेहाबाद में हुडा चौकी में घुसकर पुलिस कस्टडी से एक युवक को भगाने का प्रयास करने व ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी से मारपीट कर उसकी वर्दी फाड़ने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी को भगाने का प्रयास करने के दो आरोपियों को काबू कर उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोनों आरोपियों की पहचान माडल टाउन निवासी पवित्र व मोहित के रूप में हुई है।
बताया गया है कि दोनों लोग आपस में भाई हैं। सिटी एसएचओ सुरेंद्र कंबोज ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपी युवकों के खिलाफ मारपीट करने, सरकारी ड्यूटी में बाधा पहुंचाने, अभद्र भाषा का प्रयोग करने, जान से मारने की धमकी देने तथा कस्टड़ी से युवक को भगाने का प्रयास करने के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी देते हुए सिटी एसएचओ सुरेंद्र कंबोज ने बताया कि हुडा चौकी पुलिस ने एक केस के सिलसिले में अशोक नगर निवासी सोनू को हिरासत में लिया है। पुलिस को दी शिकायत में ईएएसआई कृष्ण कुमार ने बताया कि जब वह कार्रवाई कर रहे थे तो माडल टाउन निवासी दो भाई पवित्र व मोहित चौकी में आ गए और उनमें से एक अपने आप को वकील बता रहा था। यह लोग चौकी में तैनात कर्मचारियों को गालियां देने लगे तथा सोनू को छुड़वाकर अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। पुलिस कर्मचारियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो उक्त लोगों ने एक एएसआई की वर्दी फाड़ दी और उससे मारपीट की। किसी तरह से चौकी में तैनात पुलिसकर्मियों ने आरोपी सोनू को उनसे छुड़वा लिया, जाते-जाते यह लोग उनको जान से मारने की धमकी देकर गए थे जिसके बाद उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया।