प्लाट की दीवार बनाने को लेकर हुआ विवाद, प्रशासन ने रुकवाया निर्माण कार्य
अमर उजाला ब्यूरो
रतिया। बुढलाडा रोड पर घग्घर नदी के पुल के पास एक प्लाट में दीवार बनाने का काम शुरू करने को लेकर विवाद पैदा हो गया। क्षेत्र के कई गंावों के सरपंचों, पंचायत प्रतिनिधियों व लोगों ने इसकी शिकायत एसडीएम देवी लाल सिहाग से की और काम रुकवाने की गुहार लगवाई। इस पर एसडीएम ने तुरंत नायब तहसीलदार सुरेन्द्र कुमार को मौके पर भेजकर रिपोर्ट बनाने के निर्देश दिए। तहसीलदार ने काम कर रहे लोगों को आगामी आदेशों तक काम रोकने के निर्देश दिए हैं।
गंाव कमाना के सरपंच प्रतिनिधि गुरमीत सिंह, पालसर सरपंच गुरदीप सिंह, विजय सहनल, राजबीर बाडा, कुलदीप चिम्मो, लोकल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान रणजीत सिंह भानीखेड़ा, रिछपाल सिंह बबनपुर, कुलदीप कमाना, जसपाल आदि गांवों के सरपंच प्रतिनिधियों ने एसडीएम को सूचना दी कि शहर में घग्घर नदी के पुल के साथ कुछ लोगों द्वारा प्लाट की चहारदीवारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि घग्घर नदी पर हर साल बाढ़ का खतरा बना रहता है और बाढ़ के समय कमाना, बाडा, महमड़ा, निकुआना, बादलगढ़, कंवलगढ़, बबनपुर आदि गांवों में पानी निकासी घग्घर निकासी द्वार से होती है। अगर यह दीवार बन जाती है तो बाढ़ का पानी रुक जाएगा और इसका नुकसान कई गंावों को होगा। जब इस बारे में प्लाट मालिक ज्ञान चंद ने बताया कि वह तो अपनी प्रोपर्टी कवर करने के लिए प्लाट पर चहारदीवारी निकलवा रहे थे।