हरियाणा के फतेहाबाद जिल के गांव समैण में गली में खेल रहे बच्चों को रोकने पर तैश में आकर युवक ने अपने 50 वर्षीय ताऊ की भाला मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी फरार हो गया। सदर थाना पुलिस ने मृतक सतबीर के बेटे साहिल के बयान पर आरोपी दीपक के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस की कई टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए हरियाणा और पंजाब में उसके अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ हिसार जिले में भी अवैध हथियार रखने के संबंध में केस दर्ज है।
साहिल ने बताया कि रविवार शाम को उसके पिता सतबीर और वह घर में काम कर रहे थे। उसी समय गली में कुछ बच्चे शोर कर रहे थे। उसके पिता सतबीर ने बच्चों को शोर न करने के लिए कहा तो वहां मौजूद उसके चचेरे भाई दीपक से कहासुनी हो गई। इन बच्चों में दीपक की बेटी भी खेल रही थी। इसी रंजिश में दीपक ने भाले से उसके पिता पर वार करने शुरू कर दिए।
आरोपी वारदात के बाद भाला लेकर फरार हो गया। उसके पिता को नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना पाकर सदर पुलिस की टीम इंस्पेक्टर विनोद कुमार के नेतृत्व में गांव में पहुंची। पुलिस ने नागरिक अस्पताल में चिकित्सकों के बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवाया। साहिल ने बताया कि कुछ समय से दीपक खुद को निहंग कहता है और उनसे रंजिश रखे था।
पंजाब व हरियाणा में पुलिस दे रही है दबिश
पुलिस की अलग-अलग टीमों ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके ससुराल नरवाना और पंजाब सहित कई जगहों पर दबिश दी, लेकिन उसका कोई पता नहीं लग पाया है। पुलिस के अनुसार उसके परिजन मुंबई में भी रहते हैं वहां भी पता किया जाएगा।
साहिल के बयान पर आरोपी दीपक के खिलाफ हत्या की विभिन्न धाराओं में केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है। शीघ्र ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मृतक के परिजनों ने रंजिश के चलते हत्या करने का आरोप लगाया है। आरोपी अपराधी प्रवृति का है। उसके खिलाफ पहले भी हिसार में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज है। - विनोद कुमार, प्रभारी, सदर पुलिस थाना, टोहाना।