अमर उजाला ब्यूरो
रतिया। करीब 4 साल पूर्व गांव तामसपुरा में करंट लगने से युवक की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक के पिता ने पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया है कि उसके सगे भाई ने एक षडयंत्र के तहत उसकी जमीन हड़पने के लिए बेटे की करंट लगाकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने उसकी जमीन हड़प ली। रतिया पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर उसके भाई, भाभी, भतीजे सहित 5 लोगों के खिलाफ हत्या तथा धोखाधड़ी का केस दर्ज करके जांच आरंभ कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव तामसपुरा निवासी कृष्ण कुमार ने बताया कि उसकी पत्नी व एक बेटा मंदबुद्धि है। घर व खेत का कामकाज उसका दूसरा बेटा ही संभालता था। उसने बताया कि करीब 4 साल पूर्व उसके बेटे की करंट लगने से मौत हो गई थी। जिस कारण वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा तथा उसका घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया। घर की आर्थिक हालत बिगड़ने पर वह अपने सगे भाई बंत सिंह, भाभी बलजीत कौर व भतीजे अमनदीप के पास गया और उसने कुछ पैसे उधार मांगे, लेकिन उन्होंने कहा कि पैसे तो उनके पास है नहीं पर वह बैंक से उसकी जमीन की लिमिट करवा देते हैं, जिस पर उसने हामी भर दी।
कृष्ण ने बताया कि कुछ दिनों बाद उक्त तीनों के अलावा उसके भतीजे अमनदीप का ससुर मंजीत निवासी चोटिया व मामा गुरप्रीत निवासी गडूआ निवासी पंजाब उसे रतिया के कई बैंकों व तहसील कार्यालय में लेकर गए और उसके कई जगह हस्ताक्षर करवाए। कुछ दिनों बाद जब उसने अपने भाई से जमीन की लिमिट होने के बारे में पूछा तो उसके भाई इत्यादि ने कहा कि तेरी बैंक की लिमिट नहीं हुई, बल्कि तूने तो अपनी जमीन उनके नाम कर दी है। जब उसके बाद उसने तहसील से जमीन की फर्द निकलवाई तो पता चला कि उक्त लोगों ने धोखाधड़ी से उसकी जमीन बंत सिंह इत्यादि के नाम करवा ली है। बाद में जब वह अपने कुछ रिशतेदारों के साथ अपनी जमीन वापिस मांगने अपने भाई व रिश्तेदारों के पास गया तो उसके भाई ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि तीन चार साल पहले उसके लड़के सीरा सिंह की जो करंट लगने से मौत हुई थी, उसको भी उन्होंने ही करंट लगाकर मारा था, ताकि वह उक्त जमीन अपने नाम करवा सके। पुलिस ने कृष्ण की शिकायत पर उसके भाई बंत सिंह ,भाभी बलजीत कौर ,भतीजा अमनदीप व अमनदीप के ससुर मंजीत निवासी चोटिया तथा मामा गुरप्रीत निवासी गडूआ पंजाब के खिलाफ हत्या, धोखाधड़ी करने व षडयंत्र रचने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है