तीन लाख की हेरोइन सहित दो युवक काबू
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। नशे के खिलाफ लगातार अभियान चला रही फतेहाबाद पुलिस को बीती रात बड़ी कामयाबी मिली है। सीआईए फतेहाबाद की टीमों ने दो अलग-अलग मामलों में दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 100 ग्राम हेरोइन बरामद की है। आरोपियों की पहचान खैरातीखेड़ा निवासी अमनदीप व फतेहाबाद की ठाकर बस्ती निवासी अमित कुमार के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से बरामद की गई हेरोइन की कीमत बाजार में लगभग तीन लाख से अधिक की आंकी जा रही है। सीआईए टीम ने दोनों मामलों में आरोपियों को शहर पुलिस के हवाले कर दिया और जहां से उनको शनिवार को कोर्ट में पेशकर रिमांड मांगा जाएगा।
सीआईए इंचार्ज इंस्पेक्टर कुलदीप ने बताया कि वीरवार रात सीआईए की एक टीम एसआई वीरेंद्र के नेतृत्व में गांव खैरातीखेड़ा के पास नाका लगाकर वाहनों की जांच कर रही थी, इसी दौरान एक युवक गांव की ओर से मोबाइल टार्च जलाकर बस स्टैंड की ओर जाता दिखा। पुलिस को देखकर जैसे ही उस युवक ने मौके से भागने का प्रयास किया तो सीआईए टीम ने आरोपी को काबू कर उसकी तलाशी ली तो उसके कब्जे से 75 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी युवक अमनदीप के खिलाफ नशीले पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इंस्पेक्टर कुलदीप ने बताया कि दूसरे मामला शहर की भाटिया कालोनी का है। यहां पर सीआईए की एक टीम एसआई महेंद्र सिंह के नेतृत्व में गश्त कर रही थी। इसी दौरान भाटिया कालोनी मोड़ के पास संदिग्ध अवस्था में घूम रहे एक युवक को रोककर पूछताछ शुरू की तो वो सवालों के सही जवाब नहीं दे सका। इस पर शक होने पर पुलिसकर्मियों ने उसकी तलाशी ली तो उसके कब्जे से 25 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी की पहचान ठाकर बस्ती निवासी अमित कुमार के रूप में हुई है। सीआईए टीम ने आरोपी अमित कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।