अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
जिले में अलग-अलग जगह हुए दो सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर होने पर उसे अग्रोहा मेडिकल रैफर किया गया है। दोनों शवों को पोस्मार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
पहली घटना गांव बड़ोपल की है। हरिकेश (38) पुत्र फूलसिंह निवासी गांव हरिखेड़ा जिला कैथल व राजेश (25) पुत्र जगदीश निवासी हुकमावाली मंगलवार सुबह मारुति कार में बैठकर बड़ोपल जा रहे थे। उन्होंने कार बड़ोपल में हाईवे से गांव की ओर मोड़ी तो हिसार की ओर से आ रही एक निजी बस ने कार को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे का धमाका सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को फतेहाबाद के सामान्य अस्पताल पहुंचाया। लेकिन अस्पताल पहुंचते ही हरिकेश को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि कार सवार दूसरे व्यक्ति राजेश की गंभीर हालत के चलते को अग्रोहा मैडिकल रैफर कर दिया गया। पुलिस की टीम ने मृतक हरिकेश के शव का सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया।
इस मोड़ पर पिछले एक माह में तकरीबन 7 हादसे हो चुके हैं, जिसमें अब तक तीन लोग अपनी जान गवां चुके हैं। लेकिन बार-बार चेताने के बावजूद न तो अधिकारियों की नींद टूटी है और न ही विभाग के कर्मचारियों ने इस बारे में कोई कदम उठाया। बीते दिन अधिकारियों की बैठक में उपायुक्त ने नेशनल हाईवे पर कट वाली जगह पर ब्लिंकर लगाने का आदेश दिया था। लेकिन उपायुक्त के आदेशों के पांच दिन बाद भी अभी तक इन जगहों पर ब्लिंकर नहीं लग सके हैं।
एक अन्य हादसे में फतेहाबाद रोड पर स्थित हमजापुर गांव के पास सोमवार देर रात्रि दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। इस भिड़ंत में रतिया मार्किट कमेटी में सेवादार के पद पर कार्यरत राजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। सेवादार राजेंद्र को हिसार रैफर कर दिया गया, जहां मंगलवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। सेवादार की मृत्यु पर मार्किट कमेटी कार्यालय में चेयरमैन शाम कंबोज व सचिव विरेंद्र मेहता की अगुवाई में शोक सभा की गई। पुलिस ने मृतक राजेंद्र के बेटे संदीप कुमार की शिकायत पर अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ केस दर्ज किया है।