अमर उजाला ब्यूरो
भूना।
गांव चौबारा में जेबीटी एवं बीएससी के छात्र ने दो युवकों से तंग आकर फंदा लगा आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कमरे की छत के गार्डर हुक से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं छात्र के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है। छात्र के पिता की शिकायत पर पुलिस ने गांव हसंगा निवासी राजू और खजूरी निवासी विष्णु विश्नोई के विरुद्ध आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया। पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी।
गांव चौबारा निवासी बीएससी और जेबीटी के छात्र पवन कुमार अपने दो साथियों के साथ डाकखाने वाली गली में परफेक्ट नाम की एकेडमी चला रहा था। इसमें विष्णु विश्नोई खजूरी, राजू हसंगा और पवन कुमार तीनों पार्टनर थे। पवन कुमार की दोनों से डेढ़ लाख रुपये की लेनदारी थी। बार-बार मांगने के बावजूद दोनों ने पवन को रुपये नहीं दिए। इसके बाद से आरोपियों ने पवन और उसके परिवार के लोगों को भी परेशान करना शुरू कर दिया। मृतक के पिता सतपाल सिंह ने बताया कि दोनों युवकों ने उसके बेटे को मरने के लिए मजबूर किया। बताया कि पवन ने घर में रखे सारे रुपये लेकर एकेडमी शुरू की थी। दोनों युवकों ने उसके साथ धोखा किया। जांच अधिकारी कृष्ण कुमार ने बताया कि सतपाल के बयान पर दोनों युवकों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी।