ट्रक-इनोवा टक्कर विवाद में पहले लाल बत्ती चौक पर, फिर अस्पताल में पुलिस के सामने भिड़े दो सरपंचों के परिजन
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। इनोवा गाड़ी में एक ट्रक द्वारा टक्कर मारने पर धांगड़ के सरपंच प्रेम कुमार के भाई और आजाद नगर के सरपंच विजेंद्र सैनी के बेटे के बीच झगड़ा हो गया। झगड़े में सरपंच प्रेम कुमार का भाई ईश्वर व विजेंद्र सैनी के बेटा विकास घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल ले जाया गया जहां से दोनों को रेफर कर दिया गया। झगड़े के बाद बुधवार रात नौ बजे पुलिस कस्टडी में मेडिकल करवाने पहुंचे विकास सैनी को कुछ लोगों ने अस्पताल परिसर में पकड़ लिया और मारपीट की। सैनी पक्ष के लोगों का आरोप है कि अस्पताल परिसर में उसके बेटे पर हमला करने वाले धांगड़ के सरपंच प्रेम के साथी थे। अस्पताल में दो पक्षों के आपस में भिड़ने की सूचना मिलते ही डीएसपी धर्मवीर पूनियां, सिटी एसएचओ रिछपाल साहू, सदर एसएचओ रूपेश चौधरी, इंस्पेक्टर जगदीश चंद्र पुलिस बल लेकर अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल पहुंचकर ने घायल हुए विकास के पिता सरपंच विजेंद्र सैनी से बात कर जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने सदर एसएचओ व सिटी एसएचओ के नेतृत्व में दो टीमों को अस्पताल परिसर में मारपीट करने वाले आरोपियों की तलाश करने के लिए भेज दिया।
ये था मामला
लाल बत्ती चौक पर धांगड़ के सरपंच प्रेम की इनोवा गाड़ी को एक ट्रक वाले साइड मार दी। गाड़ी सरपंच के भाई ईश्वर गाड़ी चला रहा था। गाड़ी का नुकसान होते देखकर ईश्वर आपा खो बैठे। इसके बाद उन्होंने और उनके साथियों ने बाहर निकलकर ट्रक ड्राइवर को बाहर निकालकर पीटना शुरू कर दिया। दुकान चलाने वाले प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इस बीच घटनास्थल पर ही स्थित विजेंद्र सैनी के दफ्तर से उसका बेटा विकास बाहर निकला और उसने कहा कि पुलिस आ रही है, इसलिए इसे मत मारो। विकास सैनी का आरोप है कि इसी दौरान ईश्वर व उसके साथियों ने उससे मारपीट की और गालियां दी। दूसरी ओर सरपंच प्रेम के भाई ईश्वर का कहना है कि उन्होंने ट्रक ड्राइवर से मारपीट नहीं की बल्कि उससे बातचीत कर रहे थे कि अचानक विकास व उसके साथ कुछ दुकानदारों ने उसपर और उसके साथियों पर हमला बोल दिया। सूचना पर दोनों सरपंच अस्पताल पहुंचे।
लाल बत्ती चौक पर ट्रक द्वारा इनोवा में टक्कर मारने के चलते ट्रक ड्राइवर व इनोवा चालक ईश्वर में विवाद हुआ। इसमें विजेंद्र सैनी का बेटा कैसे आया और उसे किसने मारा। इसके बाद ईश्वर और उसके एक साथी को किसने मारा। इसकी जांच कर रहे हैं। दूसरी ओर अस्पताल परिसर में भी दोनों पक्षों के एक बार फिर आपस में भिड़ने का समाचार है। फिलहाल लिखित शिकायत नहीं आई है, लेकिन फिर भी मामले की जांच शुरू कर दी है।
- धर्मवीर पूनियां, डीएसपी फतेहाबाद