अमर उजाला ब्यूरो
रतिया।
अरोड़ा कॉलोनी में स्थित दूध डेयरी पर कुछ युवकों ने करिंदों पर हमला बोल दिया। इस हमले में 2 युवक घायल हो गए। घायल सतपाल व मोहन लाल को उपचार के लिए रतिया के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। उपचाराधीन करिंदों का आरोप है कि उक्त हमलावर हफ्तावसूली को लेकर ही डेयरी में आए थे, लेकिन कालोनीवासियों के आने के पश्चात धमकी देकर फरार हो गए।
उपचाराधीन ने पुलिस के समक्ष ब्यान देते हुए बताया कि वह अरोड़ा कालोनी में स्थित रवि कुमार की डेयरी पर काम करते हैं और वीरवार शाम उनका मालिक डेयरी में नहीं था तो उस दौरान 4-5 अन्य युवक जबरन डेयरी में घुस आए और तलवारों व लाठियों से उन पर हमला करते हुए जबरन डेयरी में बंधी हुई दुधारू भैंसों को खोलना आरंभ कर दिया। घायलों ने बताया कि जब भैंस खोलने का उन्होंने विरोध किया तो उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि वह उनके मालिक से 10 हजार रुपये प्रति माह के हिसाब से हफ्ता वसूलने आए हैं, क्योंकि उनका मालिक डेयरी के साथ-साथ अन्य धंधा भी करता है। घायलों ने बताया कि जब भैंस खोलने पर शोर मचाया तो आस-पास के लोग एकत्रित हो गए, जिसके पश्चात वह उन्हें धमकी देकर ही फरार हो गए। उपरोक्त घटना को लेकर पुलिस तहकीकात कर रही है।
एक अन्य समाचार के अनुसार गांव नागपुर में हुए आपसी झगड़े के तहत जगसीर सिंह पुत्र लीला सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचाराधीन ने गांव के कालिया, टेला, पंजू, सुरेंद्र व रोहताश आदि पर लोहे की राड़ों व लाठियों से कथित हमला करने का आरोप लगाते हुए बताया कि उक्त लोगों का उसके दोस्त के साथ तूड़े के पैसों को लेकर लेन-देन था, जिसको लेकर दोनों आपस में विवाद कर रहे थे। जब उसने बीच-बचाव किया तो उलटा उस पर ही हमला बोल दिया। घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है।