नशीली दवाइयों का सप्लायर काबू, 18सौ गोलिया व 150 सिरप बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
भूना।
अपराध शाखा फतेहाबाद व भूना पुलिस ने संयुक्त रूप से नशीले पदार्थ की गोलियां व दवाइयां की तस्करी करने वाले एक युवक को मौके पर काबू कर लिया। जबकि दूसरा साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पकड़े गए युवक से 18 सौ कैरीसोमा गोलियां व 150 ऑनरेक्स 100 एमएल की शीशियां बरामद की हैं। पुलिस ने धौलू निवासी बलवान सिंह पुत्र बीरसिंह व मोनू उर्फ सतबीर उर्फ कीडू राम धौलू के विरूद्ध नशीला पदार्थ अधिनियम व ड्रग्स कॉस्मैटिक एक्ट की श्रेणी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी नशीली दवाईयां कहा बेचता था और कहां से खरीदकर लाता था। इसके लिए पुलिस पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार अपराध शाखा फतेहाबाद के एएसआई ओमप्रकाश व हेड कांस्टेबल रिछपाल सिंह के नेतृत्व की टीम जाखल रोड़ पर कैंचियों पर नाका लगाए हुए थे। लेकिन इस दौरान भूना की तरफ आ रहे एक हीरो हाण्डा मोटर साइकिल पर दो युवक सवार थे और उनके बीच में सफेद प्लास्टिक का बैग था। पुलिस की गाड़ी को देखकर उपरोक्त युवक घबरा गया और बाइक वापस मोड़ने लगा तो पुलिस कर्मचारियों ने उन्हें दबोच लिया। लेकिन मोनू उर्फ सतबीर मौके का फायदा उठाकर भाग गया। सूचना मिलते ही एसएचओ आत्मा राम बिश्रोई मौके पर पहुंचे। उन्होंने बैग की तलाशी ली तो उसमें भारी मात्रा में गोलियां व पीने की दवाइयां थी। जिसकी जांच के लिए ड्रग इंस्पेक्टर फतेहाबाद को सूचित किया गया। मगर वह कार्य से बाहर होने के कारण डिप्टी सीएमओ गिरीश कुमार मौके पर पहुंचे। डिप्टी सीएमओ ने जांच की तो 180 पते गोलियों के मिले। जिनकी कुल संख्या 18सौ गोलिया थी। गोलियों की जांच में पाया कि वह नशे के लिए इस्तेमाल होती थी और उसका नाम कैरीसोमा था। पीने की दवाई की जांच की तो वह ऑनरेक्स सिरप मिली। जो प्रति शीशी सौ एमएल बरामद हुई थी और उनकी संख्या 150 पाई गई। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट व डाक्टर गिरीश ने अलग से शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ ड्रग्स कॉस्मेटिक एक्ट के तहत अपराधिक मामला दर्ज किया है।
रतिया करते थे सप्लाई
पुलिस पूछताछ में आरोपी बलवान ने कबूला है कि उसने पहली बार ही उपरोक्त नशे का धंधा शुरू किया था और वह रतिया में सप्लाई करने जा रहा था। उन्होंने कहा कि पहली बार ही वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। इससे पहले वह एक प्राइवेट चिकित्सक के पास पैक्टिस करता था। आरोपी ने कबूला है कि वह उपरोक्त दवाइयों को अपने फायदे के लिए बेचने जा रहा था। दवाई कहा से खरीदी गई इसके बारे में अभी खुलासा नहीं हुआ है।
क्या कहते हैं एसएचओ
थाना प्रभारी आत्मा राम बिश्रोई ने बताया है कि पुलिस ने बलवान सिंह व उसके सहयोगी मौनू उर्फ सतबीर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट व मेडिकल एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी से पुलिस पूछताछ कर रही है। जबकि उसका दूसरा साथी मोनू उर्फ सतबीर भागने में सफल हो गया। उसकी तलाश भी की जा रही है।