अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
शनिवार सुबह माजरा रोड से गुजर रहे फोरलेन हाईवे के पास एक कार और स्कूटी की भिड़ंत में एक नवयुवक की मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक ही युवक को अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान स्थानीय डीसी कॉलोनी निवासी सौरव (18) के रूप में हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
डीसी कॉलोनी निवासी सौरव अपनी स्कूटी पर गांव भिरडाना से फतेहाबाद की ओर आ रहा था। इसी दौरान जैसे ही वह माजरा रोड पर फोरलेन हाईवे पर बने कट के पास पहुंचा तो दूसरी ओर से आती तेज रफ्तार कार से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सौरव उछलकर कार के ही फ्रंट शीशे पर जा गिरा। हादसे में उसकी स्कूटी और कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार अबोहर निवासी प्रियांक चला रहा था और हादसे के समय उसकी पत्नी भी कार में मौजूद थी। वे दोनों शनिवार अलसुबह ही अबोहर से निकलकर गुड़गांव की ओर जा रहे थे। फतेहाबाद से निकलते ही यह हादसा हो गया। हादसे के बाद प्रियांक ही सौरव को अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। हादसे के बाद हुडा चौकी प्रभारी कुलदीप पहले घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
हाईवे पर बने कट लगातार हादसों का सबब
फोरलेन हाईवे के निर्माण के बाद से ही इस पर बने विभिन्न कट लगातार हादसों की बड़ी वजह बनते जा रहे हैं। इसी जगह पर कुछ समय पहले भी दो बाइक सवारों की मौत हुई थी। गांव बड़ोपल के पास भी इसी प्रकार के एक कट से भी कुछ दिन पहले हादसा हुआ था। इस बारे में कई बार ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे अथोरिटी के अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इधर लगातार हादसे बढ़ते जा रहे हैं।
22एफटीबीपी13 : फतेहाबाद में कार-स्कूटी भिड़ंत के बाद दुर्घटनाग्रस्त हुई कार व जांच करते पुलिसकर्मी।
22एफटीबीपी14 : फतेहाबाद में कार-स्कूटी भिड़ंत के बाद घटनास्थल पर पड़ी दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी ।