रतिया। रतिया क्षेत्र के दर्जनो गांवों में बुधवार देर रात्रि आई तेज आंधी से भंयकर आग लगने से रतिया के कई गांवों में गेहूं की खड़ी फसल को पूरी तरह से जल गई। वीरवार सुबह एसडीएम के निर्देशों पर राजस्व विभाग के अधिकारियों ने आग से प्रभावित विभिन्न गंावों का दौरा किया और आगजनी से हुए नुकसान का जायजा लिया। अधिकारियों ने आग से प्रभावित गेहूं व भूसे की रिपोर्ट बनाकर सरकार को भेज दी। तहसीलदार ने बताया कि इस आगाजनी से लगभग 345 एकड़ में आग लगी थी, जिसमें से 126 एकड़ खड़ी फसल व 219 एकड़ के लगभग भूसा जलकर राख हुआ है। वहीं वीरवार को दिन में भी कई जगह आग लग जाने के कारण फसलों का काफी नुकसान हुआ।
तारों में शार्ट सर्किट से भी लगी आग
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात रतिया क्षेत्र में तेज आंधी आने के कारण गांव हमजापुर के खेतों में से गुजर रही बिजली की तारो में शॉर्ट सर्किट हो जाने के कारण गेहूं की फसल में आग लग गई। आग लगते ही खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग को बुझाने की कोशिश की, लेकिन तेज आंधी के कारण आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया और हमजापुर से बढ़ते बढ़ते आग अहरवां के खेतों में भी फैल गई। आग इतनी भयंकर थी की किसानों में हड़कंप मच गया। किसानों ने इसकी सूचना तुंरत प्रशासन को दी, जिसके बाद प्रशासनिक अधिकारी मौके पर दमकल विभाग की की सहायता से खेतों में लगी को बुझाने का प्रयास किया।
इन गांवों के किसानों को हुआ नुकसान
इस आग के कारण गांव अहरवां व हमजापुर में सैंकड़ों एकड़ गेहूं की खड़ी फसल व भूसा स्वाहा हो गया। इसके अलावा रात को ही चंदोकलां, हड़ोली, लाली, ब्राह्मणवाला, कंवलगढ़ आदि में भी आग के कारण काफी फसलों को आग के कारण नुकसान पहुंचा। आग लगने के बाद किसानों ने सरकार से मुआवजा देने की मांग की है।
उच्चाधिकारियों को नुकसान की भेजी गई रिपोर्ट
वहीं वीरवार सुबह एसडीएम के निर्देशों पर राजस्व विभाग के नायब तहसीलदार गोपी चंद व अन्य अधिकारियों ने विभिन्न गांवों का दौरा किया और नुकसान का जायजा लिया। तहसीलदार विजय कुमार ने बताया कि अहरवां में 81 एकड़ गेहूं व 138 एकड़ भूसा, हमजापुर में 45 एकड़ गेहूं व 55 एकड़ भूसा, चन्दोकलां में 21 एकड़ भूसा, ब्राहमनवाला में दो एकड़ गेहूं, कंवलगढ़ में 3 एकड़ भूसा, लाली में एक एकड़ भूसा, हड़ोली में एक एकड़ भूसा आगजनी के कारण जल गया है, जिसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है।
वहीं वीरवार को टोहाना-बुढ़लाडा बाइपास स्थित गुरुद्वारा गुमटसर के पास रुलदू सिंह के खेत मे गेहूं की कटाई करते समय बिजली की तारों में शॉर्ट सर्किट होने से लगभग आधा एकड़ गेहूं व तीन एकड़ भूसा जलकर राख हो गया। मौके पर मौजूद किसानों ने हल चलाकर को आग को आगे बढ़ने से रोका तथा मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। उल्लेखनीय है कि फसल कटाई के साथ ही आगजनी की घटनाएं बढ़ गई हैं। आगजनी से आए दिन किसानों को नुकसान झेलना पड़ा रहा है।