फतेहाबाद । मंगलवार अलसुबह सरकारी अस्पताल के जनाना वार्ड से नवजात बच्चा चुराने वाली बच्चा चोर महिला चरणजीत इस बच्चे के सहारे अपने प्रेमी पर शादी करने का दबाव बनाना चाहती थी। पहले ये माना जा रहा था कि आरोपी महिला ने पंजाब में बच्चे को बेचने के लिए अस्पताल से बच्चा चुराया है। ये खुलासा खुद महिला ने पुलिस पूछताछ में किया है। एसएचओ सुरेंद्र कंबोज ने पत्रकारवार्ता में इसकी पुष्टि की है। बहरहाल आरोपी महिला चरणजीत को शहर पुलिस की टीम ने कोर्ट में पेश किया जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
सिटी थाने में एसएचओ सुरेंद्र कंबोज ने बताया कि महिला ने पुलिस को बताया कि वह शादी-ब्याह में छोटे मोटे काम करती थी। इसी दौरान विवाह शादियों में हलवाई का काम करने वाले राजकुमार उर्फ रूलदू से उसकी मुलाकात हुई। दोनों के बीच संबंध भी बन गए। लंबे समय से वह रिलेशनशिप में थे। एसएचओ ने बताया कि राजकुमार से संबंध बनाने के बाद चरणजीत उसके साथ शादी करना चाहती थी लेकिन उसके पहले से शादीशुदा होने के चलते राजकुमार ने शादी के प्रपोजल पर ज्यादा गौर नहीं किया और शादियों का काम निबटाकर वो वापिस पंजाब के मूनक में स्थित अपने घर चला गया। राजकुमार पर शादी का दबाव बनाने के लिए ही चरणजीत ने सरकारी अस्पताल से नवजात बच्चा चुराने की योजना बनाई ताकि राजकुमार को ये कह सके कि उन दोनों के बीच बने संबंधों से ये बच्चा हुआ है। वह नागरिक अस्पताल से बच्चा चुराते ही सीधा पंजाब के मूनक में राजकुमार के घर पहुंच गई लेकिन दो दिन के नवजात बच्चे को उसकी गोद में देखकर राजकुमार को उस पर शक हुआ तो उसने सारी बात बता दी। इसके बाद राजकुमार उसे टोहाना छोड़ गया और पुलिस के पास जाने को कहा। इस दौरान पुलिस टीम ने महिला को टोहाना के रेलवे पुल से काबू कर लिया।
एसएचओ सुरेंद्र कंबोज ने बताया कि पुलिस की एक टीम राजकुमार उर्फ राजेश के घर उससे पूछताछ करने गई थी। यहां पर पुलिस पूछताछ में राजकुमार ने बताया कि महिला उसे कह रही थी कि यह बच्चा उनके बीच हुए संबंधों के कारण हुआ है लेकिन उनके संबंध तो नए थे ऐसे में बच्चा पैदा होने की बात उसके गले से नहीं उतरी जिसके कारण उसे शक हुआ और उसने महिला को वापिस टोहाना छोड़ना मुनासिब समझा। राजकुमार ने कहा कि उसने चरणजीत को पुलिस के पास जाकर गलती मानने का भी कहा था।
पहले पति को छोड़ चुकी, दूसरे से भी थी तंग, खुद छह बच्चों की बन चुकी है मां
मंगलवार को सरकारी अस्पताल के जनाना वार्ड से बच्चा चुराने वाली चरणजीत फिलहाल शादीशुदा है और इस पति से पहले भी उसकी एक अन्य व्यक्ति के साथ शादी हो चुकी थी जिससे उससे तलाक हो चुका था। पुलिस पूछताछ में चरणजीत ने बताया कि उसका मौजूदा पति बहुत शराब पीता है और अक्सर नशे की हालत में उसे पीटता है। जिसके चलते पति के साथ संबंधों में खटास पैदा होने लगी। इतना ही नहीं, राजकुमार से संबंध बनाने के बाद चरणजीत उसके साथ शादी करना चाहती थी। वह पिछले 10-15 दिनों से अपने घर भी नहीं जा रही थी। ऐसे में राजकुमार पर शादी का दबाव बनाने के लिए उसने सरकारी अस्पताल से नवजात बच्चा चोरी करने की योजना बनाई।
ये था मामला
गांव भूथन निवासी राजप्रीत ने 9 जून को एक नवजात बच्चे को जन्म दिया था। इसके बाद दस जून की सायं को चरणजीत ने खुद को आशा वर्कर बताते हुए उनसे घनिष्ठता कर ली और उसके बच्चे को खिलाने लगी। इसके बाद मंगलवार अलसुबह जब राजप्रीत उठी तो उसका बच्चा गायब था और चरणजीत भी उस जगह पर नहीं थी। जिसके बाद सीसीटीवी में सामने आया कि चरणजीत सुबह पांच बजे नवजात बच्चे को लेकर अस्पताल से निकली है। बाद में पुलिस टीम ने एसएचओ सुरेंद्र कंबोज के नेतृत्व में आरोपी महिला को बच्चे सहित टोहाना से काबू कर लिया था।