फतेहाबाद। गांव दरियापुर में एक ही परिवार के सात युवकों को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर 35 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। इस मामले में पीड़ित त्रिलोकचंद निवासी दरियापुर ने सिरसा के गांव मंगाला निवासी राजेंद्र, उसकी पत्नी एवं बेटी नवजौत कौर पर रुपये लेकर नौकरी न लगाने का आरोप लगाया है। वहीं रुपये वापिस न करने का आरोप लगाते हुए सिरसा पुलिस में शिकायत दी थी। सिरसा पुलिस ने इस मामले में जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला दरियापुर चौकी को ट्रांसफर कर दिया है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
पुलिस को दी शिकायत में त्रिलोकचंद ने बताया कि वह गांव दरियापुर में खेतीबाड़ी करता है इसलिए अक्सर वह सिरसा से ही कीटनाशक खरीदकर लाता है। एक दिन उसके खेत में गांव मंगाला निवासी राजेंद्र उसके खेत में आ गया। उसने कहा कि उसकी बड़ी दुकान है। मेरे सलाह से कीटनाशक का प्रयोग करोगे तो फसल अच्छी होगी। जिसके बाद त्रिलोकचंद राजेंद्र से कीटनाशक दवा लेनी शुरू कर दी। किसान के अनुसार साल 2016 के जून माह में एक दिन राजेंद्र उसके पास आया और कहा कि आपके पूरे परिवार में 7 लड़के है और पढ़े लिखे भी हैं अगर उसके अनुसार चलो तो उन सभी को सरकारी नौकरी मिल सकती है लेकिन प्रति व्यक्ति उसे पांच लाख रुपये देने होंगे। पीड़ित त्रिलोकचंद्र ने बताया कि उसकी बातों में आकर उसने जून-जुलाई 2016 में सात बच्चों के नौकरी लगाने के नाम पर 35 लाख रुपये दिये लेकिन जब लिस्ट आउट हुई तो उसमें किसी लड़के का नाम तक नहीं था। इसका तकाजा जब उसने राजेंद्र से किया तो आरोप है कि राजेंद्र ने उसे एक मोबाइल नंबर दिया और कहा कि ये राजनेताओं के स्टाफ का नंबर है। उसने जब उन नंबर पर फोन किया तो उसे फिर आश्वासन दिया कि राजनेताओं की सिफारिश वाली लिस्ट आनी अभी बाकी है। लेकिन बाद में उसे पता चला कि उक्त नंबर तो राजेंद्र के बीवी और बेटी नवजोत कौर का ही है। जिसके बाद उसने पुलिस में मामले की शिकायत दे दी।
सात अलग-अलग विभागों में नौकरी का दिया था प्रलोभन
पीड़ित किसान त्रिलोकचंद ने बताया कि राजेंद्र के प्रलोभन के अनुसार उसने सात युवकों को अलग-अलग विभागों में नौकरी दिलाने का दावा किया था। इसमें उसके रिश्तेदार गांव दरियापुर निवासी जोगिंद्र को पटवारी, रामनारायण को पुलिस मे सिपाही भर्ती कराने, भूपेंद्र को ग्रिड ऑपरेटर बिजली महकमा में लगाने, पवन कुमार, श्याम लाल, दीपक को बिजली विभाग में बतौर एसए, एएलएम भर्ती करवाने का दावा किया था।