भूना। उकलाना रोड पर उप तहसील कार्यालय के सामने दूध से भरे कैंटर की चपेट में आने से एक 5 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद कैंटर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घायल बच्ची को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भूना में भर्ती करवाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के दौरान बच्ची ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर कैंटर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार भूना के चंदन नगर निवासी 5 वर्षीय नैना उर्फ पायल पुत्री स्वर्गीय गुलाब सिंह मंगलवार दोपहर बाद फतेहाबाद उकलाना मार्ग को पार करके नलकूप से पानी लेने के लिए गई थी। जब वह लौट रही थी तो उकलाना से भूना की ओर आ रहे दूध से भरे कैंटर ने नैना उर्फ पायल को अपनी चपेट में ले लिया। बच्ची को गंभीर हालत में राहगीरों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भूना में भर्ती करवाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस ने बच्ची के दादा सेठी के बयान पर कैंटर चालक के खिलाफ लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाने का केस दर्ज कर लिया है।