फतेहाबाद। शहर की एक कॉलोनी से लापता हुए युवक का शव बीघड़ हेड से बरामद हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि युवक ने नहर में छलांग लगाकर अपनी जान दे दी है। वह गत 21 अप्रैल से लापता था। पुलिस ने नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। इस बीच शहर पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर उसके पड़ोसी और उसके दो साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मृतक के भाई ने आरोप लगाए हैं कि उसके धमकाने के बाद ही रोशन ने नहर में कूद कर अपनी जान दे दी है।
पुलिस में दी शिकायत में मृतक के भाई ने आरोप लगाते हुए बताया कि उसके भाई ने पड़ोसी की पत्नी को अपनी बहन बनाया हुआ था। पड़ोसी ने 21 अप्रैल को उसके भाई व अपनी पत्नी को बात करते देख लिया और अपने दो साथियों के साथ मिलकर युवक पर कई आरोप लगा दिए और उसे धमकी भी दी। जिससे आहत होकर वह घर से बिना बताए चला गया और नहर में छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। इस बारे में सिटी एसएचओ सुरेंद्र कंबोज ने बताया कि मृतक के भाई की शिकायत पर उसके पड़ोसी व उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही तीनों को गिरफ्तार करेंगे।