फतेहाबाद। गांव ढिंगसरा और सिरढान के बीच शुक्रवार शाम 20-25 लोगों ने मोटरसाइकिल पर जा रहे मां-बेटों से 13 लाख रुपये छीन लिए। मामला जमीनी विवाद का बताया जा रहा है। महिला परमेश्वरी निवासी सिरढान की शिकायत पर भट्टू पुलिस ने तीन महिलाओं सहित सात नामजद व बाकी अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। आरोपियों की पहचान गांव सिरढान निवासी कुलवीर उर्फ कुलदीप सिंह, कुलदीप की पत्नी शर्मिला, बिमला देवी, होशियार, मोहर ंसिह, सुपारी, कुलदीप उर्फ सिटू निवासी गांवव सिरढान, विक्की निवासी मेहुवाला के रूप में हुई है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव सिरढान निवासी परमेश्वरी ने बताया कि उसने गांव के ही कुलवीर उर्फ कुलदीप सिंह से एक एकड़ जमीन 12 लाख 65 हजार रुपये में खरीदी थी और इस एक एकड़ जमीन के छह हिस्सेदार हैं। परमेश्वरी देवी ने कहा कि कुलवीर ने सारे पैसे उसे ही देने की जिद पकड़ ली जिसके कारण उसने मना कर दिया। इस दौरान पैमाइश में जमीन एक एकड़ से अधिक निकल गई जिसके चलते सौदा ही रद्द हो गया। परमेश्वरी ने कहा कि इसके बाद वो अपने बेटों के साथ बाइक पर सवार होकर गांव ढिंगसरा स्थित एक बैंक में पैसे जमा करवाने जा रही थी कि रास्ते में तीन गाड़ियों में सवार होकर सातों नामजद आरोपी और 15-20 अन्य लोग आए और गाड़ी आगे लगाकर बाइक रुकवा ली। परमेश्वरी देवी का आरोप है कि सातों आरोपियों ने इस दौरान उसके हाथ से जबरदस्ती पैसों वाला लिफाफा छीन लिया और हम पर हमला कर दिया जिसके चलते परमेश्वरी व उसके बेटों ने पास की एक ढाणी में घुसकर अपनी जान बचाई। इसके बाद मामले की सूचना भट्टू पुलिस को दी गई। फिलहाल भट्टू पुलिस ने उक्त आरोपियों पर धारा 147, 149, 323, 341 व 395 आई.पी.सी. के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अभी तक कोई आरोपी गिरफ्तार नहीं हुआ है।