अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
शहर के पॉश इलाके माडल टाऊन में स्थित प्रसिद्ध गीता मंदिर रोड पर शनिवार सुबह सवा आठ बजे के करीब एक बाइक पर आए चार बदमाशों ने स्कूटी सवार युवक की कनपटी पर गोली मार दी। घायल युवक की पहचान अनाजमंडी के पल्लेदार एसोसिएशन के प्रधान रघुबीर के बेटे सोनू धानक निवासी गुरुनानक पुरा के रूप में हुई है। बदमाशों ने स्कूटी सवार सोनू पर तीन गोलियां दागी, लेकिन उसे कनपटी के पास एक गोली लगी। इसके बाद बदमाश पिस्तौल हवा में लहराते उसी बाइक पर ही फरार हो गए। घायल को आसपास के लोगों ने एंबुलेंस बुलाकर नागरिक अस्पताल पहुंचाया जहां से उसे हिसार रेफर कर दिया गया। अब हिसार के एक निजी अस्पताल में सोनू का उपचार चल रहा है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
गौरतलब है कि घायल सोनू शहर के बहुचर्चित पिंकी मर्डर केस में भी आरोपी था और कुछ समय पहले ही इस मामले से बरी हुआ था। शनिवार सुबह सोनू पर हमले को उसी से जोड़कर देखा जा रहा है। उधर सोनू पर हमले की खबर पूरे गुरु नानक पुरा और कबीर बस्ती में आग की तरह फैली। जिसके बाद पिछले लंबे समय से दो पक्षों में चला आ रहा विवाद फिर से भड़क उठा। इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से वाल्मीकि चौक के पास पथराव भी हुआ जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को वापिस खदेड़ दिया। समाचार लिखे जाने तक माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।
घटनास्थल व आसपास से सबूत एकत्रित किया
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे डीएसपी रविंद्र तोमर की अगुवाई में पुलिस टीमों ने घटनास्थल व आसपास से सबूत एकत्रित करने का काम शुरू कर दिया है। खुद डीएसपी तोमर ने कई सीसीटीवी फुटेज की जांच की। एक सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि सोनू पर हमला करने वाले चारों बदमाश एक सिल्वर कलर की स्पलेंडर मोटरसाइकिल पर आए थे। उनमें से एक बदमाश ने रूमाल से अपना चेहरा ढक रखा था जबकि बाकी तीनों के चेहरे पर कोई नकाब नहीं था। पुलिस अब इसी फुटेज के सहारे आरोपियों की पहचान करने में जुट गई है।
घायल सोनू के पिता रघुबीर ने बताया कि सोनू शनिवार सुबह घर से शेव करवाने के लिए अपनी स्कूटी उठाकर निकला था। उसके थोड़ी देर के बाद ही उसके घर पर पड़ोसियों ने सूचना दी कि गीता मंदिर रोड पर सीनियर मॉडल स्कूल के पास कुछ बदमाशों ने सोनू को गोली मार दी है। सूचना मिलते ही वो पहले अस्पताल पहुंचा और इसके बाद पुलिस की एक टीम उसे घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच के लिए साथ लेकर गई।
----------------------
सीसीटीवी में दिखे चार युवक, परिजनों द्वारा पहचानने की सूचना
पुलिस जांच के दौरान गीता मंदिर रोड से लेकर वाल्मीकि चौक तक लगे सीसीटीवी फुटेज में एक बाइक पर सवार चार युवकों के चेहरे सामने आए हैं। हालांकि पुलिस अभी तक इन आरोपियों की पहचान न होने की बात कह रही है लेकिन सूत्रों की मानें तो हमलावरों की पहचान घायल सोनू के परिजनों और जानकारों ने कर दी है। पुलिस को जो नाम मिले हैं, उनमें उस युवक पिंकी के कुछ रिश्तेदारों के नाम आने की भी आशंका जताई गई है जिसके मर्डर केस में सोनू बरी हुआ था।
----------------------
सोनू कुक्कड़ के घर पर हमले का भी आरोप था घायल युवक पर
बदमाशों की गोली से गंभीर रूप से घायल हुए सोनू खुद भी कई आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त बताया गया है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पिछले नगर परिषद चुनाव के दौरान वार्ड नंबर दस समाजसेवी सोनू कुक्कड़ के घर पर भी हमला सोनू द्वारा ही किया गया था। इस चुनाव में सोनू कुक्कड़ की पत्नी अनीता कुक्कड़ चुनाव मैदान में थी और बाद में जीती भी थी। पहले भी वाल्मीकि चौक स्थित दूसरे पक्ष की ओर से हुए हमले में भी सोनू के सिर पर गहरी चोट लगी थी।
वर्जन
सोनू पर शनिवार सुबह हुए हमले में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के बेटे का नाम भी सामने आ रहा है। फिलहाल शक के दायरे में उसे भी रखा गया है और उसकी तलाश की जा रही है। मामले में कोई ढील नहीं बरती जाएगी, जो भी दोषी होगा, उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
- रविंद्र तोमर, डीएसपी, फतेहाबाद।