अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
गांव धांगड़ में स्थित कांग्रेस नेता दुड़ाराम के पेट्रोल पंप पर रविवार सुबह गाड़ी में आए तीन बदमाशों ने पेट्रोल पंप कर्मचारी की कनपटी पर पिस्तौल लगाकर हजारों रुपये की नगदी, मोबाइल व एटीएम कार्ड लूट लिए। लूटपाट के बाद सभी आरोपी फतेहाबाद की ओर फरार हो गए। सूचना पाकर सदर पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच आरंभ कर दी। पुलिस ने शहर के चारों ओर नाकेबंदी कर आरोपियों की धर पकड़ के प्रयास तेज कर दिए हैं।
गांव धांगड़ के पास पूर्व संसदीय सचिव एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दुड़ाराम का चौधरी फिलिंग स्टेशन के नाम से पेट्रोल पंप है। इस पेट्रोल के संचालन के लिए दुड़ाराम ने किसी अन्य व्यक्ति को रखा हुआ है। रविवार सुबह यहां पर एक कर्मचारी संदीप पुत्र भूपसिंह तैनात था। बताया गया है कि रविवार सुबह करीब 6 बजे वरना कार में तीन युवक पेट्रोप पंप पर आए। उन्होंने संदीप से कार में पेट्रोल डालने को कहा। युवकों ने 1610 रुपये का पेट्रोल डलवा लिया। बताया गया है कि जब संदीप रुपये रखने के लिए केबिन में गया तो कार से एक युवक उतरकर उसके पीछे केबिन में आ गया। युवक ने संदीप की कनपटी पर पिस्तौल तान दी और गल्ले से करीब 50-60 हजार रुपये की नकदी, संदीप का मोबाइल व 2 एटीएम कार्ड लूट लिए। लुटेरों ने केबिन में हर गल्ले को खंगाला। इसके बाद तीनों फतेहाबाद की ओर फरार हो गए। संदीप ने मामले की जानकारी पेट्रोल पंप संचालक व पुलिस को दी। सूचना पाकर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच की। पुलिस ने शहर के चारों ओर नाकेबंदी करके आरोपियों की धर पकड़ के प्रयास तेज कर दिए हैं। इस घटना के बाद गांव धांगड़ में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों का कहना था कि गांव व शहरों में लूटपाट की अनेक घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस इन पर अंकुश लगाने में नाकामयाब रही है।
पहले भी हो चुकी हैं लूटपाट की वारदात
फतेहाबाद में लूटपाट की वारदात में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इससे पहले अनाजमंडी में आरएसएस नेता राहुल से भी ठीक इसी प्रकार कार की लूट हुई थी। लुटेरों ने करीब एक घंटे तक उनकी दुकान की रैकी की व बाद में तीन लुटेरे उनकी दुकान में घुस गए तथा पिस्तौल के दम पर उनकी कार की चाबी छीनकर कार लेकर फरार हो गए थे। इन आरोपियों को पुलिस ने पंजाब से काबू किया था। इसी प्रकार गांव भोडिय़ाखेड़ा में भी लुटेरों ने पांच घरों में रात के अंधेरे में लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस अभी तक इस मामले की तह तक नहीं जा पाई है। वहीं स्नेचिंग की भी अनेक घटनाएं हो चुकी हैं। हाल ही में फव्वारा चौक पर स्नेचर एक युवती का पर्स छीनकर भा गए थे। पुराना बस स्टैंड के पास भी नगर परिषद की महिला कर्मचारी का पर्स भी स्नेचर ले गए थे। इसके अलावा लालबत्ती चौक पर भी सोने की चेन स्नेचिंग की घटनाएं हो चुकी हैं। सदर थाना एसएचओ बिमला देवी ने बताया कि अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
29 एफटीबीपी 09-फतेहाबाद के गांव धांगड़ स्थित पेट्रोल पंप पर लूटपाट की जांच करती पुलिस
29 एफटीबीपी 10-फतेहाबाद के गांव धांगड़ में स्थित पूर्व संसदीय सचिव दुड़ाराम का पेट्रोल पंप जहां लूटपाट की वारदात हुई
29 एफटीबीपी 11-फतेहाबाद के गांव धांगड़ में पेट्रोल पंप के केबिन में खुले पड़े गल्ले