अमर उजाला ब्यूरो
भूना।
खैरी रोड़ पर स्थित गेहूं के खेतों में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। युवक के शरीर पर चोटों के काफी निशान हैं। घटना की सूचना मिलते जिला पुलिस कप्तान दीपक सहारण, डीएसपी जगदीश काजला , पुलिस बीट इंचार्ज एएसआई बलदेव सिंह ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में भिजवा दिया है। परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं।
सीन ऑफ क्राइम के डॉ. जोगिंद्र सिंह ने भी सुराग एकत्रित किए और फिंगर प्रिंट लेकर जांच शुरू कर दी। युवक की पहचान भूना के फतेहाबाद रोड पर स्थित बिजली घर मौहल्ला निवासी ललित पुत्र रमेश कुमार के रूप में की गई है। समाचार लिखे जाने तक डीएसपी जगदीश काजला, सीन ऑफ क्राइम के डॉ. जोगिंद्र सिंह, एएसआई बलदेव सिंह की टीम घटना स्थल पर बारीकी से जांच में जुटी थी और परिजनों के ब्यान कलमबद्ध किए जा रहे थे। जिला पुलिस कप्तान दीपक सहारण ने बताया कि युवक के शरीर पर चोटों के निशान हैं, जिसे देखकर हत्या ही आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।