फतेहाबाद में बाइकर्स गैंग ने दिनदहाड़े थाना रोड पर एक बार फिर वारदात को अंजाम देते हुए महिला का पर्स छीन लिया और फरार हो गए। सूचना मिलते ही खुफिया तंत्र, पुलिस तथा सीआईए स्टाफ हरकत में आया और घटनास्थल पर पहुंचा। मौके से दो युवकों को हिरासत में लिया गया। जिनसे पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों का पता नहीं लग पाया है।
थाना रोड से जवाहर चौक जाने वाले मार्ग पर शाम को 5 बजकर 10 मिनट पर बाइक सवार तीन युवक महिला का पर्स छीनकर फरार हो गए। महिला के शोर मचाने पर दुकानदार एकत्र हो गए लेकिन तब तक बदमाश भाग चुके थे। दुकानदारों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले महिला यह कहकर गायब हो गई कि पर्स में ज्यादा aराशि नहीं थी, उसमें दवाइयां थी।
सूचना पाकर एएसपी गंगाराम पूनिया, शहर थाना प्रभारी दिनेश कुमार, सीआई स्टाफ की टीम तथा खुफिया विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान खुफिया विभाग कर्मियों ने दो युवकों को शक के आधार पर पकड़ा। बाद में उन्हें पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया।