फतेहाबाद के चार मरला कॉलोनी में चोरी मामले की जानकारी देते मालिक अनिल कुमार।
- फोटो : Fatehabad
शहर के चार मरला कॉलोनी स्थिति रिवाज गारमेंट्स शोरूम में घुसकर रेडिमेड कपड़े और जूते चोरी कर ले गए। चोर दुकान के ऊपर के रास्ते से अंदर घुसे और सीसीटीवी कैमरे पर कपड़ा डालकर वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलने पर शहर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच की।
रिवाज गारमेंटस के संचालक अनिल कुमार ने बताया कि शनिवार सुबह जब दुकान आए तो अंदर सामान बिखरा हुआ था और सीसीटीवी कैमरों पर कपड़ा डाला मिला। जांच करने पर बेसमेंट में दुकान से रेडिमेड कपड़े, जूते चोरी हुए मिले। इसके अलावा गल्ले से नकदी गायब थी। अनिल ने बताया कि चोर दुकान के साथ मकान में सीढी लगाकर उनकी दुकान के ऊपर पहुंचे और इसके बाद ऊपर के दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर घुसे। इसके बाद चोरों ने बेसमेंट समेत तीनों मंजिलों में लगे सीसीटीवी कैमरों पर कपड़ा डालकर वारदात को अंजाम दिया। वारदात के दौरान दुकान से डीवीआर को भी चोरी करके ले गए। फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
रैकी के बाद दिया वारदात को अंजाम
घटनास्थल के हालात के मुताबिक चोरों ने घटना से पहले दुकान की रैकी की है। चोरों ने प्लॉट में पड़ी सीढ़ी के बारे में जानकारी थी, इसके अलावा चोरों को ये भी पता था कि कहां-कहां पर कैमरा लगा हुआ है। बेसमेंट समेत तीनों मंजिलों से चोरों ने सामान चुराया।