सीआईए स्टाफ पुलिस की टीम ने रतिया रोड स्थित अनाज मंडी के पास राहगीरों को लूटने की साजिश रच रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 22 तोले सोने के जेवर, 20 हजार 100 रुपये की नकदी, एक मोटरसाइकिल, टॉर्च, लोहे की रॉड व चाकू बरामद किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान पंजाब के संगरूर जिले के लोंगोवाल निवासी श्रवण व बाबा बूटा बस्ती निवासी सुरेंद्र के तौर पर हुई है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। यहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। आरोपियों से जो सोने के जेवर बरामद हुए हैं, वे पंजाब के सुनाम में कोठी से चुराए थे।
पुलिस ने गाड़ी रोकी तो किया हमला
एसआई साधूराम ने बताया कि सीआईए स्टाफ पुलिस की टीम के पास गुप्त सूचना आई कि शहर के रतिया रोड पर दो युवक संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे हैं। इसके बाद एएसआई ओमप्रकाश जांगड़ा के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। पुलिस की टीम गाड़ी से बत्ती हटाकर गई, जिसके बाद आरोपियों ने टॉर्च दिखाकर गाड़ी को रोकने का इशारा किया। जब पुलिस ने गाड़ी रोकी तो आरोपियों ने गाड़ी के टायर की तरफ लोहे की रॉड से हमला किया, जिसके बाद पुलिस ने नीचे उतरकर दोनों आरोपियों को काबू कर लिया।
पंजाब व महेंद्रगढ़ की घटनाएं भी कुबूली
इंचार्ज साधूराम ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में 10 दिन पहले पंजाब के सुनाम में एक कोठी से हजारों की नकदी व सोना चोरी करने की बात कुबूल की है। आरोपियों ने बताया कि परिवार किसी शादी में गया हुआ था। उन्होंने कोठी में चोरी की वारदात को अंजाम देकर सोने के जेवर व 50 हजार की नकदी चोरी की थी। आरोपियों ने महेंद्रगढ़ में भी चोरी की पांच वारदात कुबूली है।
व्यापारी पर गोली चलाने के आरोपियों को दी थी शरण
भूना में व्यापारी को गोली मारने के मामले में आरोपियों को शरण देने की बात भी पकड़े गए आरोपियों ने कुबूल की है। आरोपियों के कब्जे से जो मोटर साइकिल बरामद की गई है उसे भूना वारदात के आरोपी उसके पास छोड़ गए थे। इसकी सूचना पंजाब पुलिस, भूना पुलिस व महेंद्रगढ़ पुलिस को दी गई है ताकि आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर ले सके।
सीआईए इंचार्ज की टीम में एएसआई ओमप्रकाश के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्परता से कार्यवाही कर दो युवकों को काबू कर लिया। आरोपियों से जो मोटरसाइकिल बरामद की गई है, उसका इस्तेमाल भूना में जून महीने में एक व्यापारी पर गोली चलाने की वारदात में भी हुआ था। आरोपियों ने पंजाब के सुनाम व महेंद्रगढ़ में भी चोरी की घटनाओं को कुबूला है।
- बिरम सिंह, डीएसपी, टोहाना