फतेहाबाद। जिले के पांच शहरों में अवैध पेयजल और सीवरेज कनेक्शनों के खिलाफ जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग का अभियान जारी है। विभाग ने अब तक 728 उपभोक्ताओं को नोटिस दिए हैं। समय पर कनेक्शन नियमित नहीं कराने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विभाग के अनुसार रतिया में सबसे अधिक 266 उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। फतेहाबाद में 213, टोहाना में 134, भूना में 87 और जाखल में 28 उपभोक्ताओं को नोटिस मिले हैं। विभागीय टीमें इन शहरों में अवैध कनेक्शनों की जांच कर रही हैं।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारी शर्मा चंद लाली ने बताया कि पेयजल और सीवरेज कनेक्शन की जांच लगातार की जा रही है। जिन उपभोक्ताओं को नोटिस मिले हैं वे निर्धारित समय में अपने कनेक्शन विभाग से मंजूर करवा लें।
उन्होंने बताया कि अवैध कनेक्शन मिलने पर उपभोक्ताओं को नियमित प्रक्रिया पूरी करने का अवसर दिया जा रहा है। निर्धारित अवधि में कनेक्शन नियमित नहीं करवाने पर विभागीय नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने पेयजल और सीवरेज कनेक्शन की स्थिति जांच लें। कनेक्शन अवैध पाए जाने पर समय रहते उसे नियमित करवाएं।
इन दस्तावेजों की पड़ेगी जरूरत
कनेक्शन मंजूर करवाने के लिए उपभोक्ता को मकान की रजिस्ट्री, सोसायटी कार्ड या अन्य संपत्ति दस्तावेज, फैमिली आईडी, आधार कार्ड और कनेक्शन धारक का मकान के साथ फोटो देना होगा। पेयजल कनेक्शन की फीस 1000 रुपये और सीवरेज कनेक्शन की फीस 500 रुपये निर्धारित है। यदि कोई उपभोक्ता पूरी फीस एकमुश्त जमा नहीं करवाना चाहता है तो कनेक्शन फिर भी मंजूर करवाया जा सकता है। ऐसी स्थिति में निर्धारित राशि उपभोक्ता के बिल के साथ किस्तों में वसूल की जाएगी।
-
नगरपालिका से एनओसी लेने की जरूरत नहीं
शर्मा चंद लाली ने बताया कि कनेक्शन मंजूर करवाने के लिए अब जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग में नगरपालिका से नो ड्यूज सर्टिफिकेट (एनओसी) लेने की आवश्यकता नहीं है। इसके अलावा शहरों में फिलहाल रोड कट चार्ज भी माफ हैं। उन्होंने जिले के सभी शहरवासियों से अपील की कि यह सुविधा सीमित समय के लिए उपलब्ध है। जिन नागरिकों के पेयजल या सीवरेज कनेक्शन अभी तक अवैध हैं वे बिना देरी किए उन्हें मंजूर करवाएं और इस सुविधा का लाभ उठाएं।
नोटिस की स्थिति
फतेहाबाद — 213
रतिया — 266
टोहाना — 134
भूना — 87
जाखल — 28
कुल — 72