फतेहाबाद। खाद केंद्रों पर डीएपी खाद नहीं पहुंचने से खाद की किल्लत बनी हुई है। डीएपी खाद की कमी होने से धान की रोपाई व नरमे की फसल प्रभावित हो रही है। जिले में 14 जुलाई को इफको खाद केंद्र पर 1320 बैग डीएपी खाद पहुंची थी लेकिन इससे खाद की पूर्ति पूरी नहीं हो सकी है।
वहीं अब अगले माह डीएपी खाद पहुंचने की उम्मीद जताई गई है। जिले में डीएपी खाद की कुल मांग 18,500 मीट्रिक टन है, जिसमें से करीब 9000 मीट्रिक टन डीएपी खाद पहुंच पाई है। ऐसे में 50 फीसदी से भी कम डीएपी खाद का वितरण हो सका है।
खाद की कमी से परेशान रामजीलाल, सुखजीत, दरियाराम, ओमप्रकाश, नत्थूराम और राममूर्ति आदि ने बताया कि गेहूं की बिजाई के समय से अभी तक पर्याप्त मात्रा में डीएपी खाद उपलब्ध नहीं हो सकी है। इससे धान की रोपाई करने में परेशानी झेलनी पड़ी थी। वहीं अब बारिश के बाद नरमे की फसल में डीएपी व यूरिया खाद की आवश्यकता है।
खाद मिलने से नरमे की फसल की वृद्धि नहीं हो पा रही है। इससे फसल के उत्पादन में गिरावट होने की संभावना बन रही है। ऐसे में जल्द खाद की किल्लत को दूर किया जाए। वहीं कृभको खाद केंद्र पर फरवरी माह के बाद डीएपी खाद नहीं पहुंच सकी है। इससे परेशान सरकार से खाद का रैक लगने की मांग की है।
-
पिछले 15 दिनों से डीएपी खाद नहीं मिल सकी है। इससे नरमे की फसल प्रभावित हो रही है। इस बारे में खाद केंद्र पर जानकारी ली तो बताया कि अगले एक सप्ताह तक डीएपी खाद पहुंचने की कोई सूचना नहीं है। इससे फसल उत्पादन प्रभावित हो सकता है।
- विपिन सैनी।
-
गेहूं की बिजाई के समय 15 दिन लगातार कोशिश के बाद डीएपी खाद प्राप्त की थी। वहीं अब मुझे 15 बैग डीएपी खाद की आवश्यकता है लेकिन अभी तक 6 बैग प्राप्त हो सके हैं। अगर खाद नहीं मिलती है तो नरमे के उत्पादन में गिरावट हो सकती है।
- चांदीराम, किसान।
-
मैंने भिंडी और टमाटर की फसल की खेती है। इसमें डीएपी खाद की आवश्यकता है लेकिन कमी होने से उत्पादन कम हो रहा है। वहीं आगे की फसलों की बिजाई नहीं हो पा रही है। ऐसे में सरकार को डीएपी खाद उपलब्ध करवाना चाहिए।
-कृष्ण किसान।
-
नरमे की फसल में जुलाई-अगस्त माह के शुरू में डीएपी खाद की आवश्यकता होती है। बाजार में भी डीएपी खाद न होने से नरमे में फल नहीं लग पा रहे हैं। डीएपी की जगह प्रयोग की जाने वाली एनपीके, टीएसपी और एसएसपी भी नहीं मिल रही है।
-दलीप किसान।
-
जिले में खाद की कुल मांग (आंकड़े मीट्रिक टन में)
खाद-मांग-आपूर्ति
डीएपी-18500-9000
यूरिया-64000-45647
एनपीके-1500-3200
एसएसपी-3000-724
एमओपी-4700-1680
:: इफको खाद केंद्र पर डीएपी व यूरिया खाद उपलब्ध नहीं है। जिले में 14 जुलाई को भट्टू कलां में खाद का रैक लगा था। जिसका वितरण किया जा चुका है। वहीं अब अगस्त माह में ही खाद पहुंचने की उम्मीद है।
-संदीप श्योराण, फील्ड ऑफिसर इफको खाद केंद्र, फतेहाबाद।