कोरोना महामारी को मात देने के लिए शनिवार को फतेहाबाद में पॉलि क्लीनिक में उप सिविल सर्जन
डॉ. गिरीश को पहला टीका लगाया गया। इस मौके पर विधायक दूड़ाराम मौजूद रहे। वैसे यहां पहला टीका सिविल सर्जन डॉ. मनीष बंसल को लगना था लेकिन उनका ही नाम पोटर्ल में दर्ज नहीं था। जिसके बाद मैनुअल रिकार्ड में नाम दर्ज करते हुए उनको टीका लगाया गया। वहीं, रतिया के नागरिक अस्पताल में स्टाफ नर्स मुकेश तथा टोहाना के अस्पताल में एसएमओ डॉ. हरिविंद्र सिंह सागू को पहला टीका लगाया। जिले के तीनों टीका केंद्रों पर कुल 211 स्वास्थकर्मियों को कोरोना का टीका लगाया गया।
फतेहाबाद में पहले दिन 100 पात्रों को टीका लगाया गया लेकिन रतिया में 61 तथा टोहाना में 50 पात्र ही टीका लगवाने पहुंचे। फतेहाबाद में पॉलीक्लीनिक, रतिया और टोहाना में नागरिक अस्पताल में टीकाकरण का सत्र लगाया गया। पहले दिन 300 में से 211 पात्रों को टीका लगाया गया।
टीका लगवाने के बाद बोले स्वास्थ्यकर्मी, कोरोना का टीका पूरी तरह सुरक्षित
कोरोना महामारी से देश पिछले करीब 10 माह से जूझ रहा था और अब इसे जड़ से खत्म करने का समय आ गया है। मैं सबसे पहले कोरोना का टीका लगवाकर खुद को सौभाग्यशाली समझ रहा हूं।
- डॉ.गिरीश, उप सिविल सर्जन एवं मनोचिकित्सक
कोरोना का टीका मैंने लगवाया है और आधा घंटा निगरानी में भी रहा हूं। टीका को लेकर बिल्कुल भी भ्रमित न हो, ये बिल्कुल सुरक्षित है। मेरी कोशिश रहेगी सभी को टीके के प्रति जागरूक करूंगा और जो सूची में शामिल सभी को सौ प्रतिशत टीका लगाया जाएगा।
- डॉ.मनीष बंसल, सिविल सर्जन
कोरोना टीका मैंने पहले चरण में पहले दिन तीसरे नंबर पर लगवाया है। मैं टीकाकरण अभियान से जुड़ा हूं और मेरी निगरानी में वैक्सीन सेशन साइट पर जाती है। टीका बिल्कुल सुरक्षित है इसको लेकर न घबराएं।
- बलवान सिंह, स्वास्थ्यकर्मी।
कोरोना टीका लगवाकर मैं अच्छा महसूस कर रही हूं। मुझे खुशी है कि कोरोना वैक्सीनेशन के पहले दिन मैंने टीका लगवाया है।
- सुनीता, एएनएम
कोरोना के अंत का समय आ गया है, मैंने पहले दिन टीका लगवाया है। मेरा नाम सूची में शामिल था। अन्य साथियों से अपील है कि वह टीका जरूर लगवाएं घबराने की जरूरत नहीं है।
- जितेंद्र कुमार, स्वास्थ्यकर्मी।