फतेहाबाद। कोरोना संक्रमण के वीरवार को जिले में दो नए केस मिले हैं। लंबे समय बाद जिले में संक्रमण दर 1.5 फीसदी रही है। मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी समेत दो लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। फिलहाल जिले में कोरोना संक्रमित दो एक्टिव केस हैं और दोनों होम आइसोलेट हैं।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी पिछले दिनों दिल्ली से लौटे थे, तबीयत खराब होने पर कोरोना जांच करवाई, इसमें रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा भूना के गांव नहला निवासी 20 वर्षीय युवक की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव है। युवक ने हिसार में कोरोना सैंपल दिया था, यहां पर जांच में पॉजिटिव मिला। हिसार स्वास्थ्य विभाग ने रिपोर्ट फतेहाबाद सिविल सर्जन कार्यालय को भेजी है।
नहीं शुरू हुए आरटीपीसीआर सैंपल
कोरोना के आरटीपीसीआर सैंपल 35 दिनों बाद भी शुरू नहीं हुए है। गांव बड़ोपल की आरटीपीसीआर लैब पिछले एक अप्रैल से बंद है। इसके चलते अस्पतालों में आरटीपीसीआर सैंपल नहीं लिए जा रहे हैँ। स्वास्थ्य विभाग ने मुख्यालय से आरटीपीसीआर सैंपल को लेकर मैनपॉवर मांगी थी लेकिन अभी तक अनुमति नहीं मिली है। इसके अलावा न ही सैंपल जांच के लिए अन्य जिले से जोड़ा गया है।
जिले में कोरोना सैंपलिंग की अब तक की स्थिति
जिले में अब तक लिए गए सैंपल : 3 लाख 99 हजार 816
कोरोना संक्रमित मिले अब तक : 20 हजार 19
कोरोना संक्रमित स्वस्थ हुए : 19 हजार 516
कोरोना संक्रमितों की हुई मौत : 501
टीकाकरण रफ्तार कम, 352 लोगों ने ही लगवाया
जिले में कोरोना टीकाकरण की रफ्तार कम है। वीरवार को जिले में 352 लोगों ने ही कोरोना से बचाव का टीका लगवाया है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक 161 लोगों ने पहली, 166 लोगों ने दूसरी डोज लगवाई है। इसके अलावा 25 लोगों ने ही बूस्टर डोज लगवाई है।
कोट
जिले में कोरोना संक्रमण के वीरवार को दो नए केस मिले है। दोनों संक्रमित होम आइसोलेट है। उम्मीद है जल्द ही जिले में आरटीपीसीआर सैंपलिंग शुरू हो जाएगी।
-मेजर डॉ. शरद तुली, उप सिविल सर्जन