जिले में कोरोना संक्रमण से मरे सेवादार के संपर्क में आए लोगों की चेन नहीं टूट रही है। तबीयत खराब होने पर जिन निजी अस्पतालों में उपचार लिया वहां के स्टाफ व डॉक्टर संक्रमित मिल रहे हैं। अब डॉक्टर के संपर्क में आए लोग भी पॉजिटिव मिल रहे हैं। मंगलवार को भी स्वास्थ्य विभाग ने एक निजी अस्पताल के कर्मचारियों व डॉक्टरों के सैंपल लिए। जांच के दौरान निजी अस्पताल के एक महिला चिकित्सक व दो कर्मचारियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। महिला चिकित्सक अल्फा सिटी की रहने वाली है। वहीं निजी अस्पताल के डॉक्टर के संपर्क में आया डिपार्टमेंटल स्टोर संचालक भी संक्रमित मिला है। दुकान से रोजाना सैकड़ों लोग खरीददारी करने के लिए आते हैं। इसके अलावा गिलाखेड़ा में गुरुग्राम से आया व्यक्ति भी संक्रमित मिला है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अनाजमंडी के दो गेटों को बंद करके कंटेनमेंट जोन बना दिया। इसके अलावा हंस कॉलोनी, कालीदास कॉलोनी, शक्ति नगर, शिव नगर, लाजपत नगर में कंटेनमेंट जोन बनाया है। निजी अस्पतालों में पॉजिटिव पाए गए कर्मचारी इन्हीं क्षेत्र के रहने वाले हैं।
चार निजी अस्पतालों में लिया था उपचार : कोरोना संक्रमण से पिछले शुक्रवार को अशोक नगर निवासी सरकारी स्कूल के सेवादार की मौत हो गई थी। सेवादार को दिल, शुगर की बीमारी थी और तबीयत खराब होने पर चार निजी अस्पतालों में उपचार लिया था। स्वास्थ्य विभाग संपर्क में आए अस्पताल के कर्मचारियों व डॉक्टरों के सैंपल ले रहा है। मंगलवार दोपहर तक 23 लोग संक्रमित मिल चुके हैं। हालांकि अभी सैंपलिंग जारी है। स्वास्थ्य विभाग अब इन अस्पतालों में ओपीडी लेने वाले मरीजों की सूची तैयार कर रहा है।
मारुति कंपनी से आया युवक पॉजिटिव : गांव गिलाखेड़ा में गुरुग्राम मारुति कंपनी से आया युवक पॉजिटिव पाया गया है। युवक 13 को गुरुग्राम से आया था और घर चला गया था। मंगलवार सुबह उसने अस्पताल में आकर जांच करवाई। जांच के दौरान रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। स्वास्थ्य विभाग ने युवक को उपचार के लिए अग्रवाल धर्मशाला के कोविड हेल्थ सेंटर में भेज दिया है।