भूना की मार्केट कमेटी कार्यालय भूना में धूल फांकने की स्थिति में खड़ी ट्रक लोडिंग कन्वेयर सिस्ट
भूना। हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड की ओर से जिले की विभिन्न अनाज मंडियों में भेजे गए ट्रक लोडिंग कन्वेयर सिस्टम का मौजूदा धान सीजन में उपयोग नहीं हो पाया है। लाखों रुपये की लागत वाली ये मशीनें मंडियों में खड़ी हैं।
ऐसे में इनके इस्तेमाल और मौजूदा उठान व्यवस्था में इनकी उपयोगिता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। जिले की अनाज मंडियों में धान की खरीद के बाद उठान और ट्रकों में लोडिंग का काम पहले से ही ठेकेदारों के माध्यम से करवाया जा रहा है। यह व्यवस्था टेंडर प्रक्रिया के तहत संचालित है।
ऐसे में नई मशीनों के इस्तेमाल की कार्ययोजना और मौजूदा व्यवस्था में उनकी भूमिका को समझना जरूरी है। इस सीजन में इन मशीनों से एक भी बोरी ट्रक में लोड नहीं की गई।
मशीनों के संचालन को लेकर प्रशिक्षण और तकनीकी जानकारी का पहलू भी सामने आया है। संबंधित मार्केट कमेटी अधिकारियों के अनुसार मशीनें बोर्ड की ओर से भेजी गई हैं। इनके संचालन के लिए पहले से कोई प्रशिक्षण या विस्तृत जानकारी मिलने की बात सामने नहीं आई है।
इस संबंध में टोहाना, रतिया, भूना, धारसूल, जाखल और फतेहाबाद की मार्केट कमेटियों से जानकारी जुटाई गई। टोहाना मार्केट कमेटी के सचिव संदीप गर्ग और भूना मार्केट कमेटी के सचिव विकास सेतिया ने बताया कि ट्रक लोडिंग कन्वेयर सिस्टम हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड की ओर से भेजे गए हैं।
उन्होंने बताया कि अभी मशीनों का भुगतान नहीं हुआ है। मशीनों की कीमत और भुगतान की प्रक्रिया के बारे में भी संबंधित स्तर पर जानकारी स्पष्ट होनी बाकी है। मौजूदा व्यवस्था में इन मशीनों का किस तरह उपयोग किया जाएगा और इनके संचालन की प्रक्रिया क्या होगी, यह भी स्पष्ट होना बाकी है।