फतेहाबाद। शहर से लेकर गांवों तक सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस ने जिले में सीसीटीवी कैमरों का बड़ा नेटवर्क तैयार किया है। 3,423 लोकेशनों पर लगे 5,326 कैमरे संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे।
इनमें घरों, दुकानों, निजी प्रतिष्ठानों और सरकारी परिसरों में लगे कैमरों के साथ प्रमुख चौक-चौराहों और जिला सीमाओं पर स्थापित हाईटेक कैमरे भी शामिल हैं। पुलिस विभाग की रिपोर्ट के अनुसार जिले में 2,882 लोकेशनों पर 4,473 सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। इनमें घरों, दुकानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और अन्य निजी स्थानों पर लगाए गए कैमरे शामिल हैं।
इसके अलावा 541 महत्वपूर्ण लोकेशनों पर 855 हाईटेक कैमरे स्थापित किए गए हैं। इन कैमरों से प्रमुख चौक-चौराहों और जिले की सीमाओं पर निगरानी रखी जाएगी। इस तरह पूरे जिले में 3,423 लोकेशनों पर 5,326 कैमरों का नेटवर्क तैयार हो चुका है। पुलिस विभाग की ओर से लगाए गए कैमरों की निगरानी के लिए जिला मुख्यालय पर कंट्रोल रूम भी बनाया गया है।
यहां से कैमरों की फुटेज पर नजर रखी जाएगी। किसी वारदात के दौरान घरों और निजी प्रतिष्ठानों में लगे कैमरों की फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध करवानी होगी। इससे जांच में मदद मिलेगी और संदिग्धों की पहचान करने में आसानी होगी।
पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर ने जिले की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सीसीटीवी नेटवर्क के प्रभावी इस्तेमाल पर जोर दिया। पुलिस का प्रयास है कि कैमरों की मदद से अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखी जाए और वारदात होने पर उपलब्ध फुटेज के आधार पर जांच को गति दी जा सके।
जानिए कहां कितने लगे कैमरे
थाना कैमरे
भट्टूकलां 352
भूना 394
शहर फतेहाबाद 936
रतिया 491
टोहाना 637
जाखल 535
सदर फतेहाबाद 902
सदर रतिया 441
सदर टोहाना 636
-
वारदात के बाद कैमरों की फुटेज बनेगी अहम कड़ी
पुलिस के लिए यह नेटवर्क अपराधों की जांच में अहम साबित होगा। किसी वारदात के बाद सीसीटीवी फुटेज के जरिये संदिग्धों की पहचान करने, उनकी आवाजाही का पता लगाने और भागने के संभावित रास्तों की जानकारी जुटाने में मदद मिलेगी। इससे जांच को गति देने और आरोपियों तक पहुंचने में आसानी होगी। वहीं, सार्वजनिक स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में कैमरों की मौजूदगी से अपराधियों में कानून का भय भी बना रहेगा।
कैमरों को दुरुस्त रखने की अपील
एसपी निकिता खट्टर ने आमजन, दुकानदारों और प्रतिष्ठान संचालकों से अपील की कि वे अपने यहां लगे सीसीटीवी कैमरों को चालू और दुरुस्त रखें। समय-समय पर उनकी जांच करवाएं और किसी आपराधिक घटना या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर पुलिस को फुटेज उपलब्ध करवाकर सहयोग करें।