भूना। नगर पालिका भूना के जेई पर ठेकेदार ने रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है और एसपी को शिकायत देकर जेई के खिलाफ भ्रष्टाचार का मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है। एसपी आस्था मोदी ने डीएसपी जगदीश कुमार को जांच के आदेश दे दिए हैं।
एमपी रोही निवासी ठेकेदार जितेंद्र कुमार ने बताया कि नगर पालिका भूना में वह ठेकेदारी का कार्य कर रहा है। वार्ड 5 के बलबीर सिंह के घर से फतेहाबाद रोड पर बीटा बूथ तक की गली का टेंडर निकला था। जो करीब 40 लाख रुपये का था। आरोप है कि जेई ने रिश्वत के लिए उसका टेंडर अलाॅट नहीं किया। ठेकेदार का आरोप है कि जब उसने रिश्वत देने से इन्कार किया तो उसे टेंडर अलाॅट करने के बजाय रद्द कर देने की धमकी दी। ठेकेदार जितेंद्र कुमार का दावा है कि जेई राजेश कुमार की ऑडियो क्लिप व व्हाट्सएप चैट भी उसके पास मौजूद है। जिसमें वह आईफोन की मांग कर रहा है। एसपी आस्था मोदी ने ठेकेदार की शिकायत डीएसपी जगदीश काजला को जांच सौंपी है।
शिकायत आई है, पूरे मामले की जांच की जाएगी। जांच में जो भी तथ्य मिलेंगे उसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। -जगदीश कुमार, डीएसपी।
ठेकेदार जितेंद्र कुमार द्वारा लगाए गए आरोप निराधार और मनगढ़ंत हैं। अधिकतम कार्य होने की वजह से ठेकेदारों को टेंडर अलाॅट करने में देरी हुई है। इसलिए वह दबाव बनाने की उद्देश्य से झूठे आरोप लगा रहा है। इनमें कोई सच्चाई नहीं है।- राजेश कुमार भांभू, कनिष्ठ अभियंता, नगर पालिका, भूना।