गैस सिलेंडर वितरण करने जा रहे कैंटर का गिराव करते लोग:संवाद
रतिया। पिछले तीन-चार दिनों से क्षेत्र में गैस सिलिंडर वितरण प्रभावित होने के कारण सोमवार को उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। भारत गैस एजेंसी का कार्यालय बंद मिलने पर नाराज लोगों ने रतिया-फतेहाबाद रोड स्थित बड़ी नहर के पास सिलिंडरों से भरे कैंटर को रोककर करीब एक घंटे तक घेराव किया।
बबनपुर, महमडा, लाबा, कमान सहित आसपास के गांवों से पहुंचे उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि वे पिछले एक सप्ताह से लगातार एजेंसी के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन सिलिंडर उपलब्ध नहीं हो रहे। उनका कहना था कि पर्चियां काटने के बावजूद रोज बुलाया जाता है जबकि वितरण नहीं किया जा रहा। शुक्रवार को सोमवार सुबह सिलिंडर देने का आश्वासन भी दिया गया था जिसके चलते कई लोग सुबह 5 बजे से लाइन में लगे रहे लेकिन एजेंसी पर ताला लगा मिला।
इस दौरान कैंटर चालक और उपभोक्ताओं के बीच बहस बढ़ने पर एजेंसी प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर कैंटर को रवाना करवाया। इसके बाद उपभोक्ता गैस एजेंसी के गोदाम पहुंच गए जहां सिलिंडर लेने के लिए लंबी लाइन लग गई। भीड़ बढ़ने पर गोदाम बंद कर दिया गया जिससे लोगों ने विरोध जताया।
पुलिस ने गोदाम इंचार्ज से बातचीत कर स्थिति स्पष्ट करवाई। इंचार्ज ने बताया कि फिलहाल केवल शुक्रवार तक काटी गई पर्चियों पर ही सिलिंडर दिए जा रहे हैं, जबकि ऑनलाइन बुकिंग वाले उपभोक्ताओं को घर-घर सप्लाई की जा रही है। पुलिस के समझाने पर लोग शांत होकर वापस लौट गए। उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि वितरण व्यवस्था जल्द नहीं सुधरी तो आंदोलन किया जाएगा।
-
सिलिंडर किए जा रहे वितरित, नई पर्चियां होंगी बंद
गैस एजेंसी के मैनेजर राम निवासी फौजी ने बताया कि रात में करीब 800 सिलिंडर प्राप्त हुए हैं। प्रशासन के निर्देशानुसार शुक्रवार तक की पर्चियों पर ही गोदाम से वितरण किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 64-64 सिलिंडर की पांच पिकअप गाड़ियां और 102 सिलिंडर के साथ एक कैंटर भेजा गया है। नई पर्चियां फिलहाल नहीं काटी जा रहीं और उपभोक्ताओं को जानकारी देने के लिए एजेंसी पर नोटिस लगाया गया है।