भूना। ढाणी सांचला-भोजराज रोड पर करीब 25-25 लाख रुपये की लागत से बनाए जा रहे बरसाती पानी की निकासी के दोनों नाले आठ महीने से अधूरे पड़े हैं। इससे सड़क पर हादसों का आशंका बनी हुई है।
निर्माण कार्य पूरा करवाने की मांग को लेकर मंगलवार को स्थानीय निवासियों ने नगर पालिका सचिव दीपक कुमार से मुलाकात की। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर लोगों ने रोष जताते हुए प्रदर्शन किया और चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह में काम शुरू नहीं हुआ तो डीएमसी कार्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा।
ढाणी सांचला रोड निवासी पूर्ण चंद टाक, भूप सिंह सोनी, कुलदीप सिंह हेरतवाल, नत्थूराम, शंकर लाल और प्रेम कुमार सहित अन्य लोगों ने बताया कि इंदिरा मॉडर्न स्कूल से शहर की ओर तथा स्कूल से ढाणी सांचला गांव की तरफ जाने वाली सड़क पर बारिश के पानी की निकासी के लिए अलग-अलग दो नालों का निर्माण शुरू किया गया था।
करीब आठ महीने पहले शुरू हुआ काम ठेकेदार ने अधूरा छोड़ दिया। इससे आसपास रहने वाले लोगों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने बताया कि अधूरे नालों के कारण सड़क पर दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है।
लोगों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य पूरा नहीं होने के बावजूद ठेकेदार ने नगर पालिका में भुगतान के लिए बिल जमा करवा दिया है। उन्होंने मामले की जांच करवाने और काम पूरा होने तक भुगतान रोकने की मांग की है।
काम पूरा होने से पहले भुगतान नहीं होगा : सचिव
नगर पालिका सचिव दीपक कुमार ने बताया कि ढाणी सांचला रोड के निवासियों ने अधूरे नालों को लेकर शिकायत दी है। यदि ठेकेदार ने काम अधूरा छोड़ा है तो पालिका के अभियंता और कनिष्ठ अभियंता को कार्रवाई के लिए लिखा जाएगा। निर्माण कार्य पूरा होने से पहले ठेकेदार को किसी भी कीमत पर भुगतान नहीं किया जाएगा।