फतेहाबाद में मिल्क चिलिंग प्लांट पर सैंपल लेते हुए कर्मचारी।
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। शहर के औद्योगिक क्षेत्र स्थित मिल्क चिलिंग सेंटर पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेंद्र पूनिया ने टीम के साथ जांच के लिए कार्रवाई की। टीम मौके पर पहुंची तो दूध मिक्सिंग का काम चल रहा था, टीम ने जब दूध के सैंपल लेने का प्रयास किया तो मौके पर मौजूद संचालक व कर्मचारियों ने मना कर दिया। दोनों पक्षों के बीच कई देर तक नोकझोंक हुई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इसके बाद सैंपल लिए गए।
मामले के मुताबिक मंगलवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेंद्र पूनिया अपनी टीम के साथ औद्योगिक क्षेत्र में पतंजलि आयुर्वेदा मिल्क प्रोडक्ट्स वालों के मिल्क चिलिंग सेंटर पर जांच के लिए पहुंचे। सुरेंद्र पूनिया ने बताया कि मौके पर दूध मिक्सिंग का काम चल रहा था। यहां टैंक है, जिसमें करीब सात हजार लीटर दूध है, जो गाय और भैंस का मिक्स दूध है। सैंपल को लेकर कुछ देर तक दिक्कत आई। सूचना पुलिस को दी। इसके बाद दूध का सैंपल लेने की कार्रवाई हुई। जब सेंटर संचालक से लाइसेंस मांगा तो लाइसेंस पेश कर दिया गया। इनके पास स्टेट का लाइसेंस नहीं था बल्कि केंद्र सरकार द्वारा जारी किया गया लाइसेंस है। स्टेट का लाइसेंस भी होना चाहिए। बाकी किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं मिली है। फिलहाल दूध के सैंपल लिए गए हैं। अब रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।