फतेहाबाद। ब्लॉक समिति की चेयरपर्सन पूजा बरसीन और बीडीपीओ भजन लाल शर्मा के बीच चल रहा विवाद खुलकर सामने आ गया है। प्रशासनिक कार्यप्रणाली और विकास कार्यों में कथित अनियमितताओं पर विवाद बढ़ता जा रहा है। चेयरपर्सन पूजा बरसीन ने सोमवार को लघु सचिवालय में धरना देने की घोषणा की है।
इस धरने में ब्लॉक समिति सदस्य और कई गांवों के सरपंचों के भी शामिल होने की संभावना है। आरोप है कि बीडीपीओ की कार्यशैली में पारदर्शिता नहीं है और जनप्रतिनिधियों को निर्णय प्रक्रिया से दूर रखा जा रहा है।
शनिवार को पूजा बरसीन ने प्रेस वार्ता कर बीडीपीओ पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि विकास कार्यों में अनियमितताएं हो रही हैं और ब्लॉक समिति के सदस्यों की अनदेखी की जा रही है। इसके बाद ही धरने का निर्णय लिया गया।
शिकायतकर्ता और पंचायत समिति सदस्य अमनदीप ने आरोप लगाया था कि पंचायत समिति और डी-प्लान फंड का उपयोग बरसीन, भोड़ियाखेड़ा, करनौली, दरियापुर, काता खेड़ी और भिरड़ाना गांवों में मंदिरों व गुरुद्वारों में शेड का निर्माण किया गया है।
शिकायत में इसे नियमों के खिलाफ बताते हुए संविधान के अनुच्छेद 14 और 27 का उल्लंघन करार दिया था जिसके बाद बीडीपीओ ने जांच कर रिपोर्ट उपायुक्त को सौंप दी। वहीं चेयरपर्सन ने बीडीपीओ के उनकी कुर्सी पर बैठकर बैठक लेने और उनके कक्ष में कैमरे लगा निजता का हनन करने का आरोप लगाया हुआ है।