फतेहाबाद। पटवार भवन में सोमवार को भारत की जनवादी नौजवान सभा की ओर से राज्यस्तरीय युवा सम्मेलन का आयोजन किया गया। ‘शिक्षा, रोजगार और बेहतर खेल सुविधाओं का प्रबंध करो एवं नशे पर रोक लगाओ’ के नारे के साथ सम्मेलन में प्रदेश भर से युवाअरें ने भाग लिया। सम्मेलन का संचालन राज्य सचिव नरेश दनौदा ने किया जिन्होंने सभा की रिपोर्ट प्रस्तुत की। कार्यक्रम के अध्यक्ष मंडल में मुकेश दुर्जनपुर, नीरज, अजब गुरूसर और पवन कुमार शामिल रहे।
मुख्य वक्ता कामरेड सुरेंद्र मलिक ने बढ़ती बेरोजगारी : कारण, प्रभाव और समाधान विषय पर विस्तार से विचार रखते हुए कहा कि हरियाणा समेत पूरे देश में बेरोजगारी आज गहराते सामाजिक संकट का रूप ले चुकी है। शिक्षा के व्यावसायीकरण और निजीकरण ने युवाओं के भविष्य को असुरक्षित बना दिया है। बेरोजगारी का आलम यह है कि हाल ही में हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत ठेके पर सफाई कर्मचारी की नौकरी के लिए 46,102 ग्रेजुएट और पोस्ट-ग्रेजुएट युवाओं ने आवेदन किया। यह स्थिति दिखाती है कि पढ़े-लिखे और कुशल युवा कम वेतन पर अधिक काम करने को मजबूर हैं।
राज्य सचिव नरेश दनौदा ने कहा कि सार्वजनिक शिक्षा के ढांचे को सिकोड़ा जा रहा है और निजी क्षेत्र को बढ़ावा दिया जा रहा है। कन्वेंशन में पारित प्रस्तावों में युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सभी के लिए रोजगार, खेल सुविधाओं का विस्तार और नशे के खिलाफ राज्यव्यापी जनसंघर्ष तेज करने का आह्वान किया गया।