फतेहाबाद। किसान सभा की बैठक में मांगों को लेकर चर्चा करते किसान नेता। स्रोत : सभा
भट्टूकलां। जिले में भारी बरसात के कारण किसानों की फसलें खराब हो गई हैं। किसान मुआवजे के लिए परेशान हो रहे हैं। आरोप है कि बीमा कंपनियां अधिकारियों के साथ मिलीभगत कर क्लेम के नाम पर आपत्तियों लगाकर किसानों के साथ धोखा कर रही है।
इसके विरोध में अखिल भारतीय किसान सभा के आह्वान पर 27 अक्तूबर को भट्टूकलां तहसील कार्यालय पर किसानों द्वारा रोष प्रदर्शन किया जाएगा। यह निर्णय वीरवार को अखिल भारतीय किसान सभा तहसील कमेटी की बैठक में लिया गया।
बैठक सुभाष चन्द्र भादु की अध्यक्षता में हुई जिसमें मुख्य वक्ता किसान सभा के जिला प्रधान विष्णु दत्त व मा. हनुमान सिंह ने हिस्सा लिया। किसान नेताओं ने बैठक कहा कि सरकार की गलत नीतियों की वजह से किसान और मजदूर कर्ज की गर्त में फंसता जा रहा है।
फतेहाबाद जिले में हजारों एकड़ जमीन में जलभराव व सेम की वजह से फसलें बिल्कुल तबाह हो गई हैं। थोड़ी बहुत जो फसल बची है, उसको भी सरकार की ओर से निर्धारित मूल्य पर नहीं खरीदा जा रहा है।
बैठक में रोहताश डुडी, मा . हनुमान सिंह, वजीर सिंह, राजेंद्र सिंह सिद्धू, रिछपाल सिंह, साधु राम, ओमप्रकाश सहित अनेक किसान मौजूद रहे।