लघु सचिवालय के सभागार में अधिकारियों की बैठक लेते उपायुक्त। स्रोत : सूचना विभाग
फतेहाबाद। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर 31 अक्तूबर को जिले में रन फॉर यूनिटी का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम की तैयारियों के लिए उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने वीरवार को लघु सचिवालय के सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इस रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम का शुभारंभ पंचायत भवन के सामने से झंडी दिखाकर करेंगे। इसके बाद यह दौड़ एमएम कॉलेज परिसर में संपन्न होगी। यह आयोजन केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र की एकता, अखंडता और देशभक्ति के भावों को सुदृढ़ करने का प्रतीक है।
उन्होंने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को निर्देश दिए कि रन फॉर यूनिटी के मार्ग पर पेयजल की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। स्थानीय निकाय विभाग को निर्देश दिए गए कि रन फॉर यूनिटी के पूरे रूट पर साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था पर ध्यान दिया जाए। पुलिस विभाग को यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने और सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, रेडक्रॉस सोसाइटी, विकास एवं पंचायत विभाग, खेल विभाग सहित विभिन्न विभागों को विद्यार्थियों, युवाओं, जनप्रतिनिधियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कहा गया। उपायुक्त ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन और योगदान युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है, इसलिए यह आवश्यक है कि अधिक से अधिक लोग इस आयोजन का हिस्सा बनें।