रतिया। पंचायती राज विभाग की ओर से उपमंडल के नौ गांवों में 68-68 लाख रुपये की लागत से गांवों में निजी मैरिज पैलेस की तरह सामुदायिक केंद्रों का निर्माण करवाया जा रहा है। रतिया के गांव रत्ताखेड़ा, बलियाला, भूदड़वास, सुखमनपुर, कवलगढ़, रोंझावाली, कुणाल, ढाणी बिलासपुर, मुंशीवाली में सामुदायिक केंद्रों का निर्माण हो रहा है।
गांवों में उचित जगह व सामुदायिक भवन आदि के अभाव में गांवों में रहने वाले ग्रामीणों विशेषकर गरीब तबके के लोगों को विवाह समारोह करवाने, सामाजिक व अन्य कार्यक्रम करवाने में काफी परेशानी होती थी। लोगों को मजबूरन निजी पैलेस बुक करवाने पड़ते थे। इनको बुक करने में लोगों को मोटा पैसा खर्च करना पड़ रहा था।
अब इस परेशानी से छुटकारा मिलेगा और पैसे की भी बचत होगी। गांवों में सामुदायिक केंद्रों का निर्माण करवाने की मांग पंचायतों व ग्रामीणों की ओर से पंचायती राज विभाग से की जा रही थी। इसके बाद विभाग की ओर से सरकार के पास डिमांड भेजी गई। नौ गांवों के सामुदायिक केंद्रों पर करीब छह करोड़ रुपये का खर्च किए जाएंगे।
एक मैरिज हॉल, दो कमरे व पार्किंग स्थल बनेगा
रतिया खंड में करोड़ों रुपये की लागत से गांव रत्ताखेड़ा, बलियाला, भूंदड़वास, सुखमनपुर, कवलगढ़ , रोंझावाली, कुणाल, ढाणी बिलासपुर, मुंशीवाली में सामुदायिक केंद्र निर्माण की मंजूरी मिली थी। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू करवा दिया गया है। सामुदायिक केंद्रों में एक बड़ा मैरिज हाॅल, दो कमरे, पार्किंग स्थल व पार्क आदि का निर्माण होगा।
ग्रामीणों को सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए 68-68 लाख रुपये की लागत से 9 गांवों में सामुदायिक केंद्रों का निर्माण करवाया जा रहा है। इन केंद्रों का निर्माण होने के बाद ग्रामीणों को वैवाहिक समारोह व अन्य कार्य करवाने में आसानी होगी।
- कुलदीप सिंह, एसडीओ, पंचायती राज विभाग