टोहाना। भूना रोड स्थित इंदिरा गांधी राजकीय महाविद्यालय में नए शिक्षण सत्र में प्रवेश के लिए विभिन्न संकायों के लिए प्रथम सूची में शामिल विद्यार्थियों के दाखिले 7 जुलाई रविवार को छुट्टी के दिन भी किए जाएंगे। यह जानकारी कॉलेज प्राचार्य डॉ. राजेश सैनी ने दी। उन्होंने बताया कि कॉलेज प्रशासन द्वारा इसकी सूचना व्हाट्सएप के माध्यम से ग्रुप में डाल दी गई है। उच्चतर शिक्षा महानिदेशक के आदेशानुसार रविवार 7 जुलाई को प्रथम सूची में मेरिट में आने वाले विद्यार्थियों के लिए छुट्टी के दिन भी दाखिल किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि जो विद्यार्थी पहली सूचि में दाखिला लेने से रह गए है, वह रविवार को अपनी फीस जमा करवाने के बाद दाखिला ले सकता है। इस संदर्भ में सूचना पट्ट पर नोटिस चस्पा दिया है तथा विद्यार्थियों को व्हाट्सएप के माध्यम से भी सूचना भेजी है ताकि विद्यार्थी अपना दाखिला सुनिश्चित करवा सके।
9 जुलाई को लगेगी दूसरी लिस्ट
कॉलेज प्रशासन द्वारा दूसरी मेरिट सूची 9 जुलाई को कॉलेज के सूचना पट्ट पर चस्पा की जाएगी। इस सूची में जिन विद्यार्थियों का नाम आएगा, उनका दाखिला 15 जुलाई तक किया जाएगा। इसके उपरांत 16 जुलाई को मौके पर उपस्थित विद्यार्थी ही मेरिट के आधार पर महाविद्यालय में प्रवेश ले सकेंगे।
50 फीसदी विद्यार्थियों ने लिया दाखिला
इंदिरा गांधी कॉलेज में बीए की 480 सीटों के लिए 1521 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था जबकि बीकॉम की 240 सीटों के लिए 201, बीबीए की 39 सीटों के लिए 31, बीसीए की 80 सीटों के लिए 31, बीएससी मेडिकल की 40 सीटों के लिए 69 तथा नॉन मेडिकल के लिए 84 विद्यार्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किये थे। पहली मेरिट सूचि के अनुसार 50 फीसदी विद्यार्थियों ने ही अपने दस्तावेज व शुल्क जमा करवाकर दाखिले लिए है।