फतेहाबाद। जिले में पिछले कई दिनों से ठंड ने दस्तक दे दी है। तापमान में लगातार गिरावट दर्ज हो रही है। न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। सुबह और शाम के समय लोगों को ठंड महसूस होने लगी हैं, जिससे जन-जीवन में बदलाव दिखना शुरू हो गया है।
स्कूल जाने वाले बच्चों व बुजुर्गों ने ठंड से बचाव के कपड़े पहनने शुरू कर दिए हैं। इससे ठंड से बचाव के कपड़ों की बिक्री में तेजी आई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पहाड़ों पर हुई बर्फबारी और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के रुख बदलने के कारण मैदानी इलाकों के तापमान में यह कमी आई है। दिन में भले ही धूप खिल रही हो, लेकिन सूरज ढलते ही मौसम सर्द हो रहा है, और रातें ठंडी हो गई हैं। सुबह के समय हल्की ओस और धुंध भी देखने को मिल रही है।
-
ठंड से बचाव कपड़ों की बिक्री बढ़ी
ठंड की दस्तक के साथ ही बाजारों में ठंड से बचाव के कपड़ों की मांग तेज हो गई है। लोगों स्वेटर, जैकेट और शॉल निकाल लिए हैं, वहीं बाजार में ठंड से बचाव के कपड़ों की खरीदारी करने वालों की भीड़ उमड़ रही है। खासकर, ऊनी कपड़ों के स्टॉल पर ग्राहकों की चहल-पहल है। बच्चों की टोपी, स्वेटर और दस्तानों की खरीदारी में तेजी आई है। माता-पिता अपने बच्चों को ठंड से बचाने के लिए ठंड से बचाव के कपड़ों की खरीदारी कर रहे हैं। बाजारों में लगे फुटपाथ की दुकानों से लेकर शोरूम तक, हर जगह ठंड से बचाव के कपड़ों का स्टॉक सज चुका है।
-
बाजारों में छाई रौनक
ठंड की शुरुआत ने व्यापारियों के चेहरे खिल गए हैं। शहर की हंस मार्केट में स्थित दुकानदार अमित, विक्रम, अनिल, दीपू, राहुल, आत्माराम और श्रवण कुमार आदि ने बताया कि ऊनी कपड़ों के कारोबार में गति आने से उनको अच्छे मुनाफे की उम्मीद है। कपड़ों के बिक्री में भी इजाफा होने की संभावना है। जिले में ठंड की दस्तक ने जहां एक ओर लोगों को ठिठुरन का अहसास कराया है, वहीं दूसरी ओर बाजार की रौनक बढ़ा दी है। व्यापारियों इससे अच्छे कारोबार की उम्मीद जता रहे हैं।