पकड़े गए आरोपी सप्लायर स्त्रोत पुलिस विभाग
फतेहाबाद/टोहाना। हिसार के पीजी में रहने वाली छात्रा और दो युवकों से 114.19 ग्राम कोकीन बरामदगी मामले में सीआईए टोहाना ने सोमवार को नाइजीरियन नागरिक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी से पूछताछ के लिए पुलिस ने दिल्ली से ट्रांसलेटर बुलाया है। पहले से गिरफ्तार उत्तराखंड निवासी निशा से पूछताछ के दौरान कोकीन तस्करी में दोनों की भूमिका सामने आई है।
पुलिस प्रवक्ता विनोद ने बताया कि नाइजीरिया निवासी रिच्ड डेसमेंट और रोहतक जिले के खरकड़ा निवासी मनदीप को गिरफ्तार किया है। पुलिस निशा और इन दोनों को अदालत में पेश किया। अदालत ने नाइजीरियन आरोपी को एक दिन के रिमांड पर भेज दिया जबकि मनदीप और निशा को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए। इससे पहले दो दिन की रिमांड अवधि के दौरान निशा से पूछताछ में सामने आया कि वह हिसार के गर्ल्स पीजी में रह रही थी। वह और मनदीप दिल्ली से नाइजीरियन आरोपी से कोकीन लेकर आए थे। नाइजीरियन आरोपी व्हाट्सएप कॉल के जरिए इनसे संपर्क करता था। इसी दौरान कोकीन का मोलभाव तय होता था।
-
पीजी में होती थी सप्लाई, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस को शक है कि कोकीन की सप्लाई पीजी में रहने वाले युवाओं को की जाती थी। निशा उत्तराखंड से दिल्ली में पढ़ने के लिए आई थी और इसके बाद हिसार आ गई। 11 सितंबर को सीआईए टोहाना की टीम ने भूना रोड फ्लाईओवर के पास कार में निशा और दो युवकों सोनू कुमार निवासी गांव खानक, जिला भिवानी, हाल शीशमहल वाली गली, मॉडल टाउन हिसार व रविंद्र शर्मा निवासी गांव नलवा, जिला हिसार को गिरफ्तार किया था। इनसे बरामद कोकीन की अनुमानित कीमत करीब 58 लाख रुपये बताई गई थी।