फतेहाबाद। नागरिक अस्पताल में शुक्रवार सुबह सिविल सर्जन डॉ. मनीष बंसल ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सीएमओ ने इमरजेंसी, ओपीडी, ऑपरेशन थियेटर, जच्चा-बच्चा वार्ड का जायजा लिया। इस दौरान 22 कर्मचारी सुबह साढ़े 9 बजे तक ड्यूटी पर नहीं पहुंचे थे। सिविल सर्जन ने उसी समय रजिस्टर मंगवाकर संबंधित कर्मचारियों की रजिस्टर में अनुपस्थिति लगा दी।
वहीं एसएमओ डॉ. ओपी दहमीवाल को संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगने के निर्देश दिए हैं। सिविल सर्जन को संबंधित कर्मचारियों के काफी लेट पहुंचने की शिकायतें मिल रही थी। इसको लेकर सिविल सर्जन ने कार्रवाई को अंजाम दिया। सिविल सर्जन डॉ. मनीष बंसल सुबह करीब साढ़े नौ बजे नागरिक अस्पताल में पहुंचे। सीएमओ ने पहले ओपीडी का निरीक्षण किया। इस दौरान तीन ओपीडी से डॉक्टर और पांच कर्मचारी पहुंचे ही नहीं थे। सिविल सर्जन ने इसके बाद ऑपरेशन थियेटर का निरीक्षण किया, यहां भी कर्मचारी नहीं थे। इसके बाद सिविल सर्जन ने जच्चा-बच्चा वार्ड का निरीक्षण किया, यहां भी महिला स्टाफ गायब था। सिविल सर्जन ने कर्मचारियों का हाजिरी रजिस्टर मंगलवार उसमें अनुपस्थिति लगा दी।
फरलो पर रहते हैं कर्मचारी, साथी कर्मचारी लगा रहे हाजिरी
नागरिक अस्पताल में अधिकारियों को सूचना मिल रही थी कि कर्मचारी या तो देरी से आते हैं या फिर आते ही नहीं। साथी कर्मचारी उनकी हाजिरी भर देते हैं। इसके अलावा ड्यूटी के दौरान बीच में फरलो भी मार रहे हैं। इसके चलते सिविल सर्जन ने सुबह छापा मार कार्रवाई को अंजाम दिया।
-----------
नागरिक अस्पताल का सुबह निरीक्षण किया था। इस दौरान 22 कर्मचारी ड्यूटी पर नहीं मिले। संबंधित कर्मचारियों की रजिस्टर में अनुपस्थिति लगा दी गई है। एसएमओ को संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।
- डॉ. मनीष बंसल, सिविल सर्जन फतेहाबाद