फतेहाबाद में रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम को लेकर पंचायत भवन के पास निरीक्षण करते हुए उपायुक्त व अन्
फतेहाबाद। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में 31 अक्तूबर को जिला मुख्यालय पर रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। वे सुबह 7 बजे पंचायत भवन से रन फॉर यूनिटी को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 30 अक्तूबर की शाम को ही शहर फतेहाबाद पहुंच जाएंगे। ये मैराथन देश की एकता, अखंडता और भाईचारे के संदेश के साथ दौड़ेगी और एमएम कॉलेज मैदान में इसका समापन होगा। मंगलवार को उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने रन फॉर यूनिटी आयोजन को लेकर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता तथा हरियाणा सरकार में विशेष कार्य अधिकारी पंकज नैन के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस की। इसके पश्चात जिला के सभी संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उपायुक्त ने अधिकारियों के साथ रूट प्लान का निरीक्षण किया और सभी आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए।
-
पंचायत भवन से शुरू होगा कार्यक्रम
रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम का शुभारंभ पंचायत भवन से शुरू किया जाएगा और रतिया मोड़ पर एमएम कॉलेज के पास खत्म होगा। डीसी डॉ. विवेक भारती ने अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि यह दौड़ राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता का प्रतीक होगी, जिसमें स्कूल और कॉलेजों के विद्यार्थी, खिलाड़ी, नेहरू युवा केंद्र के युवा, महिला समूह, सीनियर सिटीजन, समाजसेवी संस्थाएं और आम नागरिक शामिल होंगे। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम की तैयारियां समय पर और विभागीय समन्वय के साथ सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि आयोजन स्थल की साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा सहायता, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध और मीडिया कवरेज की रूपरेखा पहले से तैयार कर ली जाए ताकि यह आयोजन गरिमामयी और प्रेरणादायक बन सके।